मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

प्रदेश के बड़े शहरों में कोविड केयर सेंटर बनाए जाने की तैयारियां चल रही हैं, इसी बीच छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव तहसील मुख्यालय में विधायक जुन्नारदेव सुनील उईके के प्रयासों और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ तथा छिंदवाड़ा जिले के सांसद नकुलनाथ के सहयोग से सर्व सुविधा युक्त कोविड केयर सेंटर चालू किया जा रहा है, उल्लेखनीय बात यह है कि यह कोविड केयर सेंटर बिना किसी शासकीय मदद के तैयार किया जा रहा है।
ऑक्सीजन लाइन, मोनीटर, नेब्यूलाइजर, ग्लूकोमीटर जैसे उपकरणों से लैस होगा सेंटर

कुछ दिनों पहले विधायक सुनील उईके कोरोना महामारी के इलाज की तैयारियों का जायजा लेने वेल्फेयर हॉस्पिटल जुन्नारदेव गए थे जहां उन्होंने पाया कि अस्पताल में बिस्तर तो हैं परंतु कोरोना के इलाज के लिए आवश्यक संसाधन जैसे ऑक्सीजन सप्लाई लाइन, नेबुलाइजर, ग्लूकोमीटर, मोनीटर आदि उपलब्ध नहीं हैं, ऐसे में यहां कोरोना मरीजों का इलाज किया जाना संभव नहीं था। कम समय में शासन द्वारा भी यहां सारी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा सकती थीं, ऐसे में विधायक सुनील उईके ने निर्णय लिया की ये सारे संसाधन वे स्वयं उपलब्ध कराएंगे, साथ ही इसके लिए किसी निधि का उपयोग भी नहीं करेंगे।
जुन्नारदेव प्रदेश का पहला तहसील मुख्यालय होगा जहां सर्व सुविधा युक्त कोविड केयर सेंटर चालू होगा।
विधायक कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी में बताया गया कि जुन्नारदेव के डब्लूसीएल वेल्फेयर अस्पताल में जहॉ पूर्व में क्वारंटाइन सेंटर बनाया गया था उसे विधायक सुनील उईके के प्रयासों से तथा पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी तथा नकुल नाथ जी के सहयोग से कोरोना मरीजों के उपचार के लिए सर्व सुविधा युक्त बनाते हुए ऑक्सीजन सप्लाई लाइन, मोनीटर, ग्लूकोमीटर, नेब्युलाइजर आदि सभी आधुनिक उपकरणों से लैस किया जा रहा है, जहां पर कोरोना मरीजों के बेहतर उपचार की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। जुन्नारदेव तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले कोरोना रोगियों को अब सीधे छिंदवाड़ा या बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी, उन्हें जुन्नारदेव में ही बेहतर चिकित्सा उपलब्ध हो सकेगी, साथ ही यदि कोई मरीज गंभीर रूप से बीमार होता है तो उसे अग्रिम इलाज के लिए छिंदवाड़ा या दूसरे बड़े शहर में रेफर किया जा सकता है। इस कोविड केयर सेंटर के निर्माण में किसी भी शासकीय निधि का उपयोग नहीं किया जा रहा है, यह पूरी तरह विधायक जुन्नारदेव के प्रयासों से तथा पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ तथा सांसद नकुल नाथ के सहयोग से तैयार किया जा रहा है। फिलहाल यह लगभग 40 बिस्तरों का कोविड केयर सेंटर होगा जिसे भविष्य में मरीजों की अधिक संख्या आने पर बढ़ाया भी जा सकता है।
कोरोना की रोकथाम को लेकर लगातार सक्रिय हैं विधायक सुनील
उल्लेखनीय है कि विधायक जुन्नारदेव पिछले वर्ष से कोरोना की महामारी प्रारंभ हुई थी तब से ही क्षेत्र की जनता को लगातार बेहतर सुविधाएं दिलाने के लिए सक्रिय रहे हैं चाहे क्षेत्र के लोगों को राशन दिलाने की बात हो अथवा उपचार के लिए भोपाल या दूसरे शहरों में भेजने की बात हो, सुनील उईके कभी भी पीछे नहीं रहे उन्होंने अपने परिवार की तरह जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्र की जनता का ध्यान रखा है। लगभग 15 हजार से अधिक राशन किट, 1 लाख से अधिक मास्क और विभिन्न समुदायों और व्यवसाय में संलग्न लोगों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया था और अब एक कोविड केयर सेंटर की सौगात क्षेत्र की जनता को देने जा रहे हैं, यह कोविड केयर सेंटर अपनी तरह का पहला सेंटर है जो कि मध्य प्रदेश में किसी भी तहसील मुख्यालय में नहीं है। छिंदवाड़ा जिले की भी अगर बात करें तो जिला मुख्यालय के अलावा किसी भी तहसील मुख्यालय में इस तरह का कोविड केयर सेंटर चालू नहीं है। जुन्नारदेव में चालू हो रहे कोविड केयर सेंटर में सभी तरह के अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं, तथा दवाइयां मरीजों को उपलब्ध होगी।
विधायक उइके विजन के लिए कार्य करते हैं टेलीविजन के लिए नहीं
ऐसे दौर में जब कोरोना के कारण हमारी विधानसभा सहित पूरे जिले में हाहाकर मचा है तब कुछ लोग फोटो खिंचाकर हल्की लोकप्रियता हासिल कर रहे है एवं अप्रत्यक्ष रूप से उस व्यक्ति पर तंज कसने के प्रयास कर रहे है जिस व्यक्ति ने पिछले वर्ष से कोरोना काल के प्रारंभ से ही जनता बीच पहुँचकर विधानसभा के कोने कोने तक मदद पहुँचाने का कार्य किया था वह व्यक्ति इस संकट काल मे कैसे बैठा रहा सकता है। जिले में जो रानी की कोठी में कोविड हॉस्पिटल पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं सांसद नकुलनाथ के प्रयासों से खोला जा रहा है उस हास्पिटल को जल्द से जल्द तैयार करने की जिम्मेदारी भी जुन्नारदेव विधायक सुनील उइके को सौंपी गई थी जिसे उन्होंने रिकार्ड 5 दिन में तैयार कराने में सफलता प्राप्त करली जो कि एक या दो दिन में सारी औपचारिकता पूरी कर प्रारम्भ कर दिया जाएगा। इसी के साथ साथ विधायक ने अपनी विधानसभा के वेलफेयर हॉस्पिटल में शासन के द्वारा जो कोविड सेंटर प्रारम्भ किया है उसमें पूर्वमुख्यमंत्री कमलनाथ एवं सांसद नकुलनाथ के सहयोग से स्वयं के व्यय पर सेंट्रलाइज आक्सीजन बैकअप, ऑक्सीजन लाइन, मोनिटर, नेबुलाइजर, ग्लूकोमीटर जैसे उपकरण लगवाकर अपडेट कराया जा रहा है। जिससे कि हमारी जुन्नारदेव विधानसभा के लोगो को प्रारंभिक उपचार अच्छी तरह से यहीं पर उपलब्ध हो सकेगा। विधायक श्री उइके ने आज जुन्नारदेव के वेलफेयर हॉस्पिटल का एस डी एम मधुवंतराव धुर्वे, एस डी ओ पी एस के सिंह, बी एम ओ श्री सिंह, कन्हान सी जी एम साबिर अली एवं जिनकी देखरेख में यह कार्य किया जा रहा है डॉ श्रद्धा शर्मा के साथ दौरा किया एवं तत्काल ही कार्य प्रारंभ भी करा दिया। जिससे यह बात स्पष्ट होती है कि विधायक श्री उइके विजन के कार्य करते है टेलीविजन के लिये नहीं।
