सरवर खान जरीवाला, भोपाल, NIT;
मध्यप्रदेश कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष अरूण यादव ने मंदसौर गोलीकांड के बाद यहां दशहरा मैदान में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शनिवार को प्रारंभ किए गए अनिश्चितकालीन उपवास को 28 घंटों में समाप्त कर दिए जाने को किसानों के नाम पर प्रदेश की जनता के साथ ठगी बताया है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार यादव ने कहा कि कांग्रेस को इस बात का पूर्वाभास था कि यह उपवास अल्पकालिक होगा। उन्होंने कहा कि सीएम चौहान यह बताएं कि उनसे किस किसान ने कहा कि वे उपवास समाप्त करें। उन्होंने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि क्या मात्र 48 घंटों में ही किसानों की समस्या हल हो गई। क्या 28 घंटों में ही प्रदेश में शांति की बहाली हो गई है। उन्होंने कहा कि केवल 28 घंटों के इस उपवास में हुए लाखों रूपयों की अपव्यय का वहन कौन करेगा?
प्रदेशाध्यक्ष यादव ने कहा कि इस उपवास की समाप्ति की स्क्रिप्ट रविवार की सुबह ही भाजपा मुख्यालय में केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, थांवरचंद गेहलोत, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमारसिंह चौहान, राज्यसभा सदस्य प्रभात झा ने पहले ही तैयार कर ली थी।
