मो.मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव के वार्ड नंबर 16 में निर्माणाधीन पुलिया का कार्य धीमी गति से चलने के कारण आम रहागिरों के साथ विद्यार्थियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। नगर की यह पुलिया वार्ड क्रमांक 13, 14, 15 के नागरिकों के लिए अति उपयोगी है जिसका भूमि पूजन बड़े जोर शोर से लॉकडाउन के बाद किया गया था लेकिन ठेकेदार की उदासीनता के कारण निर्माण कार्य ने आज तक गति नहीं पकड़ी है और निर्माण स्थल में गिट्टी का भंडार जमा हुआ है। नदी के ऊपर बनने वाली इस पुलिया को पार करने के लिए एप्रोच रोड भी नहीं बनी है जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में असुविधा हो रही है। इस मार्ग से नगर के प्रमुख शासकीय कार्यालयों में पहुंचने के लिए शॉर्टकट रास्ता है और इस मार्ग का उपयोग पैदल चलने वाले राहगीर अधिक करते हैं। वहीं भीड़-भाड़ से बचने के लिए बाइक सवार भी इस मार्ग से आवागमन करते हैं। यह रास्ता शासकीय चंद्रशेखर स्कूल, रेलवे स्टेशन, मुख्य मार्केट, तहसील कार्यालय सहित सभी कार्यालयों में पहुंचने का सुगम मार्ग है जिसका शीघ्र निर्माण किया जाना जनहित में जरूरी है।इस मार्ग से अनेकों ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों का आना-जाना होता है। निर्माणाधीन स्थल में अधिक पानी होने के कारण दुर्घटनाओं की भी संभावना है। ठेकेदार द्वारा वैकल्पिक मार्ग भी नहीं बनाया गया है जिससे राहगीरों को जान जोखिम में डालकर नदी पार करना पड़ रहा है।
