साबिर खान, मथुरा/लखनऊ (यूपी), NIT:

नव वर्ष पर समाज सेविका शशि सक्सेना ने ऐसे बच्चों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया जो आम बच्चों की तरह स्कूल नहीं जा सकते। ऐसे बच्चों को शिक्षित करने के लिए श्री कृष्णा फाउंडेशन स्ट्रीट स्कूल की नींव रखी गई, जिसके आधार स्तम्भ शशि सक्सेना (संस्थापिका), पुनीत सक्सेना (प्रधानाचार्य ), ब्रज यातायात एवं पर्यावरण जनजागरूकता समिति के प्रदेश अध्यक्ष विनोद दीक्षित (संरक्षक), महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष व पार्षद श्वेता शर्मा (संरक्षिका) रहे।
स्ट्रीट स्कूल के शुभारम्भ पर पार्षद श्वेता शर्मा व विनोद दीक्षित मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सबसे पहले ब्रज यातायात व पर्यावरण जनजागरूकता समिति द्वारा सभी बच्चों को मास्क वितरित किये गए, तत्पश्चात पार्षद श्वेता शर्मा द्वारा बच्चों को कोविड 19 से बचाव के तरीके समझाये गए, इस दिन को और यादगार बनाने के लिए शशि सक्सेना ने केक काटकर स्ट्रीट स्कूल के बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाया व सभी बच्चों को खाद्य सामग्री वितरित की गई। ब्रज यातायात परिवार की तरफ से श्रीमती शशि सक्सेना का पटका पहनाकर सम्मान किया गया व तस्वीर और उपहार के साथ नेक कार्य के लिए उन्हें बधाई व शुभकामनायें दी गईं। इस अवसर पर सुरेश चंद्र गुप्ता, तेजस्व शर्मा, गर्व शर्मा, निशा चौरसिया आदि लोग उपस्थित रहे।
