प्रत्येक व्यक्ति के लिए फिटनेस जरूरी: पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी | New India Times

अबरार अहमद खान, भोपाल (मप्र), NIT:

प्रत्येक व्यक्ति के लिए फिटनेस जरूरी: पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी | New India Times

फिट इंडिया कैंपेन के अंतर्गत आज राजधानी भोपाल में खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा साइक्लोथान का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में बालक- बालिका खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों, अधिकारी, कर्मचारियों, पुलिस एवं होमगार्ड के जवानों सहित आम नागरिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

पुलिस महानिदेशक श्री विवेक जौहरी ने आज लाल परेड ग्राउंड पर सुबह 7:30 बजे झंडी दिखा कर साइक्लोथान का शुभारंभ किया।

लाल परेड से टी टी नगर स्टेडियम तक करीब 15 किलोमीटर की यह सायक्लोथॉन लाल परेड ग्राउण्ड से प्रारंभ हुई जो काली मंदिर, मोती मस्जिद, रायल मार्केट, हमीदिया हॉस्पिटल, पुराना सचिवालय से लालघाटी चौराहा होकर व्ही.आई.पी. रोड़, कमला पार्क, पोलेटेक्निक चौराहा, बाणगंगा चौराहा, होटल पलाश, रंगमहल चौराहा होती हुई टी.टी. नगर स्टेडियम पर पहुंची जहां इसका समापन हुआ।

शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस महानिदेशक श्री विवेक जौहरी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के लिए फिटनेस जरूरी है। उन्होंने साइक्लोथान आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए फिट इंडिया कार्यक्रम के तहत खेल विभाग द्वारा आयोजित साइक्लोथान कार्यक्रम की सराहना की। डीजीपी श्री जौहरी ने साइक्लोथान में भागीदारी कर रहे सभी प्रतिभागियों को अपनी शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम में संचालक खेल और युवा कल्याण श्री पवन कुमार जैन ने कहा कि करोना काल ने हमें सिखाया है कि कैसे हम अपना स्वास्थ्य बेहतर बनाकर स्वयं को फिट रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया आज कोरोना और दूषित पर्यावरण की समस्या से जूझ रही है जिसका सायकल के माध्यम से समाधान किया जा सकता है। सायकल चलाने से जहां इम्यूनिटी में बढ़ोतरी होती है वहीं पर्यावरण को स्वच्छ रखने में यह काफी मददगार है।

खेल संचालक श्री जैन ने मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक श्री विवेक जौहरी को पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्री आईसीपी केसरी, आयुक्त नगरीय प्रशासन श्री निकुंज श्रीवास्तव, एडीजी विजय कटारिया, एडीजी डीसी सागर, कमांडेंट श्री तरुण नायक, सीईओ स्मार्ट सिटी श्री आदित्य सिंह, डीआईजी इरशाद वली सहित अन्य अधिकारी खेल प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद थे।

साइक्लोथान में भागीदारी

खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों और नागरिकों के साथ वरिष्ठ अधिकारियों ने भी साइकिल चलाकर फिट इंडिया कैंपेन में भागीदारी की। इनमें अपर मुख्य सचिव श्री आईसीपी केसरी, आयुक्त नगरीय प्रशासन श्री निकुंज श्रीवास्तव, एडीजी विजय कटारिया, एडीजी डीसी सागर, कमांडेंट श्री तरुण नायक संचालक खेल और युवा कल्याण श्री पवन कुमार जैन सहित अन्य अधिकारी शामिल थे।

अर्जुन अवॉर्डी एवं ओलंपियन श्री जसपाल राणा, श्री मनशेर सिंह, श्री राजिंदर सिंह, श्री जी.एल यादव सहित अन्य खेल प्रशिक्षकों, ग्रीन प्लेनेट बायसिकल राइडर एसोसिएशन और गोल्फ क्लब के सदस्यों, एसएसबी, होमगार्ड और पुलिस के जवानों ने साइकिल चलाकर इस अभियान में हिस्सेदारी की।

इस मौके पर ग्रीन बेल्ट एरिया में वृक्षारोपण भी किया गया। सबसे कम समय में 15 किलोमीटर साइक्लोथान को पूरा करने वाली ट्रायथलॉन अकादमी की खिलाड़ी आध्या सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

खेल संचालक श्री पवन कुमार जैन ने अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया एवं उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version