यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

धौलपुर पुलिस अधीक्षक केसर सिंह शेखावत ने आज पुलिस लाइन के मीटिंग सभागार में जिले के सभी वृत्ताधिकारियों/थानाधिकारियों सहित पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर धनतेरस से लेकर दीपोत्सव तक दीपावली त्यौहार पर जिले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण करते हुए वांछित अपराधियों को गिरफ्तार करने सहित अन्य निर्देश दिए। अपराध गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों को दीपावली पर्व पर शहर की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं। इस बार धौलपुर शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित होटल तथा सार्वजनिक स्थानों व मुख्य बाजारों में सुरक्षा को लेकर विशेष बंदोबस्त किए गए है। धनतेरस से लेकर दीपावली तक शहर में गश्त तेज करने के साथ ही संदिग्धों पर नजर रखने के भी निर्देश दिए गए है। दीपावली पर सार्वजनिक स्थानों सहित प्रमुख भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में सादावर्दी में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके साथ ही शांतिपूर्ण ढंग से दीपावली पर्व सम्पन कराने के लिए प्रत्येक थाना क्षेत्र में भी जाप्ता तैनात रहेगा। *पुलिस अधीक्षक श्री केसर सिंह शेखावत ने जिले के सभी थानाधिकारियों एवं वृत्ताधिकारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए है, इसके साथ ही महिला अत्याचार, सम्पत्ति, 173(8) सीआरपीसी में पैंडिग एवं एससी/एसटी सम्बन्धी मामलों के भी जल्द निस्तारण के निर्देश फरमाये है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजनों से सड़क सुरक्षा नियमों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए कार्यवाही करने, जुआ व सट्टे जैसे संगठित अपराधो की रोकथाम के लिए भी विशेष कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए है। इसके साथ ही जिले में प्रभावी गश्त करने एवं वांछित अपराधियों, ईनामी बदमाशों की धरपकड़ के लिए भी निर्देश दिए गए है।
