विधानसभा उपनिर्वाचन कार्यक्रम के तहत जिले के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान गणना केंद्र का कलेक्टर ने किया निरीक्षण | New India Times

पवन परूथी/गुलशन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

विधानसभा उपनिर्वाचन कार्यक्रम के तहत जिले के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान गणना केंद्र का कलेक्टर ने किया निरीक्षण | New India Times

विधानसभा उप निर्वाचन कार्यक्रम के तहत जिले के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिये मतदान सामग्री का वितरण, मतदान के बाद सामग्री की प्राप्ति एवं मतों की गिनती का काम शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई स्वशासी कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय (एमएलबी कॉलेज) में होगा। कलेक्टर श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने सोमवार को एमएलबी कॉलेज पहुँचकर निर्वाचन संबंधी विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने इस अवसर पर निर्देश दिए कि कोविड-19 की गाइडलाइन को ध्यान में रखकर मतदान सामग्री वितरण व वापसी सहित अन्य सभी व्यवस्थायें मुकम्मल करें। इसी तरह मतगणना की व्यवस्थायें भी की जाएं। उन्होंने सामग्री वितरण व वापसी के लिये पर्याप्त काउण्टर बनाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने खासतौर पर एमएलबी कॉलेज में विधानसभावार बनाए गए ईव्हीएम स्ट्राँग रूम, मतदान सामग्री वितरण व प्राप्ति और मतगणना कक्षों व टेबूलेशन कक्ष की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शिवम वर्मा ने बताया कि कोविड गाइडलाइन को ध्यान में रखकर मतदान सामग्री वितरण के लिये 98 काउण्टर बनाए जायेंगे। हर काउण्टर से लगभग 25 मतदान दलों को चुनाव सामग्री वितरित की जायेगी। उन्होंने बताया विधानसभा क्षेत्र 15-ग्वालियर के लिये 32 काउण्टर, विधानसभा क्षेत्र 16-ग्वालियर पूर्व के लिये 36 एवं विधानसभा क्षेत्र-19 डबरा (अजा) के लिए 30 वितरण काउण्टर बनाए जायेंगे।
ज्ञात हो विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 15-ग्वालियर में 95 सहायक मतदान केन्द्रों सहित कुल 409 मतदान केन्द्र हैं। विधानसभा क्षेत्र 16-ग्वालियर पूर्व में 113 सहायक मतदान केन्द्रों सहित कुल 447 मतदान केन्द्र और विधानसभा क्षेत्र 19-डबरा (अजा) में 77 सहायक मतदान केन्द्रों सहित कुल 332 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।

By nit

Exit mobile version