पीयूष मिश्रा, सिवनी ( मप्र ), NIT;
सिवनी जिला के लखनादौन के सरकारी अस्पताल में बारह हजार रूपये लेकर प्रसव करने और अपनी आकस्मिक ड्यूटी के दिन पूरा दिन गायब रहने का आरोप एक सरकारी महिला डॉक्टर पर लगाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लखनादौन क्षेत्र में गुजर खमरिया निवासी रोहनी (50) पिता हुकम सिंह ने जिला कलेक्टर को आवेदन देकर बताया कि 30 अप्रैल को जब वे लखनादौन अस्पताल पहुंची तब उन्हें पता चला कि अस्पताल में डॉ.वीथि जैन की ड्यूटी थी लेकिन वह डयूटी पर मौजूद नहीं थीं। स्टॉफ नर्स ने उन्हें मशविरा दिया कि डॉ.वीथि जैन घर पर हैं, उन्हें घर से बुला लाने की बात स्टॉफ नर्स के द्वारा रोहनी सिंह से कही गयी। जब वे डॉ.वीथि जैन के निवास पर पहुंचे और चिकित्सक को उनके द्वारा पूर्व की जांच पर्चियां दिखायी तो डॉ.जैन के द्वारा उनसे बारह हजार रूपये जमा कराने की बात कही गयी। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा जब डॉक्टर को बारह हजार रूपये दिये गये तो चिकित्सक ने उनसे इस बात का जिक्र किसी से भी न करने की बात कही।
अपने आवेदन में उन्होंने कहा है कि जब बाद में अस्पताल में डॉ.सोलंकी के द्वारा उन्हें बताया गया कि उनकी पुत्री को मृत बच्चा हुआ है। ऐसी स्थिति में इस मामले में उनके द्वारा डॉ.वीथि जैन से बात की गयी तो डॉ.वीथि जैन ने पहले तो उनसे हुज्जत की और बाद में इसकी शिकायत पुलिस में करने की धमकी दी गई।
