रहीम शेरानी, अलीराजपुर (मप्र), NIT:

लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव डॉ अशोक कुमार भार्गव ने कोविड-19 विश्वव्यापी महामारी की समीक्षा बैठक में कहा कि कोरोना सार्वजनिक स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि दुनिया में इस बीमारी का अभी कोई इलाज अथवा टीका उपलब्ध नहीं हुआ है, इसलिए हमारी सतर्कता, सजगता और सावधानी ही इसका सटीक इलाज हो सकता है।
उन्होंने कहा मध्यप्रदेश शासन कोविड-19 के विरूद्ध सामाजिक चेतना जागृत करने के लिए तथा कोरोना वायरस के संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ने, इसके फैलाव को नियत्रिंत करने और कोरोना मुक्त स्वस्थ्य समाज के निर्माण के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। मध्यप्रदेश शासन की ओर से किल कोरोना अभियान चलाया गया। फीवर क्लीनिक संचालित किये जा रहे हैं। डॉ भार्गव ने कहा कोरोना वायरस के विरुद्ध हमारी जंग अभी खत्म नहीं हुई है, हमें और अधिक सतर्क, जागरूक, सावधान होकर इससे लड़ना होगा। अधिक से अधिक लोग आरोग्य सेतु एप को मोबाइल में डाउनलोड करें।
अनावश्यक रूप से घर से बाहर ना निकले, सार्वजनिक स्थलों पर ना थूकें, हाथों को बार-बार धोएं, नाक और मुहँ को मास्क से ढके इसका व्यापक रूप से पालन सुनिश्चित कराएं।
उन्होंने सामाजिक दूरी का पालन करने, अपने घरों में बुजुर्गों व बीमार व्यक्तियों की सेहत का ध्यान रखने, गर्भवती माताओं, छोटे बच्चों को घरों में रहने हेतु प्रेरित करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएं साथ ही उन्होंने कहा कोरोना वायरस के विरुद्ध जंग लड़ रहे योद्धाओं का सम्मान करें। अलीराजपुर जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोरी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चन्द्रशेखर आजाद नगर, जिला चिकित्सालय अलीराजपुर के निरीक्षण में बेहतर व्यवस्थाओं पर प्रसन्नता व्यक्त की। अलीराजपुर जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग अमले के कार्यों और व्यवस्थाओं की प्रसन्नता व्यक्त करते हुए, जिले में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और बेहतर क्रियान्वित करने का आह्वान किया। उन्होंने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं, कोरोना संक्रमण को रोकने हेतु जिले में किए गए प्रयासों सहित जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन हेतु किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। बैठक से पहले उन्होंने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने कोविड-19 आइसोलेशन वार्ड में भर्ती मरीज से मोबाइल के माध्यम से चर्चा कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। बैठक में कलेक्टर श्रीमती सुरभि गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती संस्कृति जैन, सीएमएचओ डॉ. प्रकाश ढोके, डीपीएम डॉ. प्रीति राठौर, समस्त बीएमओ, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।
