मोहम्मद मुजम्मिल/मोहम्मद जलील, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

विकासखंड जुन्नारदेव के अंतर्गत आने वाले कई ग्रामीण अंचलों से रेत का अवैध उत्खनन बदस्तूर जारी है जिस पर प्रतिबंध लगाए जाने की मांग भाजपा मंडल अध्यक्ष नवजीत मोनू जैन के द्वारा पत्र के माध्यम से स्थानीय प्रशासन एवं जिला कलेक्टर से की गई है| जुन्नारदेव तहसील के अंतर्गत आने वाली कन्हान नदी राम नगरी हिरदागढ़ चतुआ कट्टा नदी सहित आदि स्थानों पर रेत का अवैध उत्खनन रेत माफियाओं के द्वारा किए जाने की जानकारी दी गई है| कट्टा नदी से मध्य रात्रि से प्रारंभिक सुबह तक रेत का अवैध उत्खनन निरंतर जारी रहता है, रात्रि में ट्रैक्टर ट्राली के माध्यम से रेत का उत्खनन किए जाने के दौरान कई बार बड़ी दुर्घटनाएं भी घटित हो चुकी हैं| विगत दिनों एक आदिवासी युवक दुर्घटना का शिकार हो चुका है|मिली जानकारी के अनुसार भाजपा के द्वारा दिए गए पत्र के आधार पर स्थानीय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तहसीलदार कमलेश नीरज, एसडीओपी एवं थाना प्रभारी सहित संयुक्त कार्रवाई करते हुए सांगा खेड़ा मार्ग पर कट्टा नदी के समीप 6 ट्रैक्टर ट्रालियों को रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की गई है|
