अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

भोपाल के गांधी नगर में मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग नियमों का पालन न करते किराना दुकान संचालित करते हुए पाये जाने पर तीन दुकानों को सील कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार वैभव किराना, दीपक किराना और परसा किराना स्टोर पर कार्यवाही करते हुए तीनों किराना दुकानों को सील कर दिया गया है साथ ही तीनों दुकान का फूड लाइसेंस भी निरस्त कर दिया गया है क्योंकि तीनों किराना संचालकों द्वारा जिला प्रशासन के जारी निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था जिस कारण यह कार्यवाही की गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विगत 4 दिनों में 1500 से अधिक किराना दुकानों का निरीक्षण किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री पिथोड़े द्वारा निर्देश जारी किये गए थे कि बिना मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने वाले किराना दुकानों पर धारा 188 के अंतर्गत सख्त कार्यवाही की जाए। अब तक आदेश का उल्लंघन करने पर 1 बैकरी और 5 किराना दुकानों के फ़ूड लाइसेंस/रेजिस्ट्रेशन निरस्त किये जा चुके हैं।
