रहीम शेरानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

कोरोना वायरस कोविड – 19 के कारण विश्व में हाहाकार मचा हुआ है। भारत के प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी ने भारत की स्वास्थ्य सुविधाओं को देखते हुए लॉक डाउन के आदेश दिये हैं जिसे सभी राजनैतिक दलों ने भी स्वीकार किया है।
ऐसे गम्भीर हालातों में देश के दैनिक कामगार व निम्नवर्ग के लोगों पर आर्थिक संकट आ गया है, उनके सामने भूखे मरने की नौबत तक आ गई है। शासन प्रशासन अपने स्तर पर हर सम्भव प्रयास कर रहा है बावजूद इसके वह ऐसे वर्ग तक पूरी तरह नहीं पहुँच पाया है। देश के अनेक सामाजिक संगठन सेवा कार्य मे लग कर हर वर्ग के कमजोर लोगों की मदद कर रहे हैं।
राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं महिला बाल विकास आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष दयाराम मिश्रा, मुख्य महा सचिव डॉ. रविन्द्र मिश्रा व महासचिव गीतकार कवि आनन्द दुबे “राज” ने देश के सभी राज्यों के प्रदेशाध्यक्ष को निर्देशित करते हुए कहा है कि कोरोना महामारी संक्रमण के समय प्रधानमंत्री के साथ स्थानीय शासन प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए उनके कथनानुसार उनका सहयोग करें। उन्होंने कहा कि अपने स्थानों पर ही रहते हुए अपने आसपास के लोगों की हर सम्भव मदद करें। इस दौरान किसी भी प्रकार की विरोधी गतिविधियों को माफ नहीं किया जाएगा।
मध्यप्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष पवन नाहर व उनकी टीम के पदाधिकारी सदस्य अपने अपने क्षेत्र में शासन प्रशासन का सहयोग करते हुए जनता की समस्याओं का समाधान भी कर रहे हैं।

संगठन की महिला सेल की सम्भागीय अध्यक्ष सुमित्रा राजू मैड़ा द्वारा ग्रामीण अंचल में जाकर ग्रामीणों को कोरोना वायरस के विषय में बताते हुए उसकी रोकथाम के उपाय बताए जा रहे हैं। ग्रामीण अंचल में ग्रामीणों को सोशल डिस्टेंस के महत्व, बार बार हाथ धोने, खांसते व छींकते वक्त रुमाल आदि का उपयोग करने व मास्क पहनने की समझाइश देते हुए मास्क भी बाँटे जा रहे हैं।
जानकारी देते हुए सुमित्रा मैड़ा ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष पवन नाहर, स्थानीय सदस्यो द्वारा जिले में ग्रामीण अंचल के ग्रामीणों की समस्याओं से शासन प्रशासन को रूबरू करवाया जा रहा है वही रोगी बीमार व अन्य मरीजों की दवाई गुजरात के दाहोद शहर से मंगावनें का कार्य भी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि उनके द्वारा लागत मूल्य पर एन-95 मास्क व अन्य स्वास्थ्य सेवाओं में प्रयोग होने वाली वस्तुओं को भी उपलब्ध करवाया जा रहा है। संगठन द्वारा किये जाने वाले कार्य की क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा प्रशंसा की जा रही है।
