अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश के शुजालपुर में एक कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति की मृत्यु हो गई जिससे उस के परिवार वालों ने मृतक की बॉडी लेने से इन्कार कर दिया, तब ऐसे वक़्त में तहसीलदार बैरागढ़ श्री गुलाब सिंह बघेल ने कोरोना संक्रमित मरीज स्व. प्रेम सिंह मेवाड़ा का अंतिम संस्कार कर मानवता की मिसाल पेश की। बताया जा रहा है कि विगत 2 दिनों तक प्रेम सिंह मेवाड़ा का शव मोर्चरी में रखा रहा क्योंकि उनके परिवार ने शव लेने से मना कर दिया था और जिला प्रशासन द्वारा ही अंतिम संस्कार कराने के लिए दबाब बनता रहा। उन्होंने अंतिम समय तक शव को लेने से मना कर दिया जबकि जिला प्रशासन ने कोरोना प्रोटोकॉल के अनुसार सारी व्यवस्थाएं कर दी थीं।

पीपीई किट, सेनेटाइजर, ग्लब्स आदि देने के बाद भी मृतक के पुत्र संदीप मेवाड़ा ने मुखाग्नि देने से मना कर दिया, इस निर्णय में मृतक की पत्नी और उनके साले भी साथ थे।

कल दोपहर सब व्यवस्था होने के बाद जब परिवार ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया तो तहसीलदार श्री गुलाब सिंह बघेल ने मृतक को मुखाग्नि देकर मानवता की मिसाल पेश की। कलेक्टर श्री तरुण पिथोड़े ने तहसीलदार को शाबाशी दी और उनके इस उत्तम कार्य के लिए प्रशंसा की।
