वी.के.त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर-खीरी (यूपी), NIT:

फरधान इलाके में चोरियों का सिलसिला थम नहीं रहा है, तीन दिन पहले लीलाकुंआ कस्बे की तीन दुकानों से हुई लाखों की चोरी का पुलिस अभी खुलासा भी नहीं कर पाई थी कि बुधवार की रात चोरों ने पुलिस व्यवस्था को धता बताते हुए रतसिया गांव के एक घर से नकदी समेत लाखों का माल पार कर दिया। तहरीर मिलने के बावजूद पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
रतसिया निवासी पीड़ित कमलेश राठौर की पुत्रवधू प्रसव के चलते जिला अस्पताल में भर्ती है। इसलिए घर के सारे सदस्य अस्पताल में उसकी तीमारदारी में लगे हैं सिर्फ़ कमलेश का छोटा बेटा अकेले ही घर पर रहता था। बुधवार की शाम वह भी खाना लेकर अस्पताल गया था। इस मौके का चोरों ने फायदा उठाया। रात को किसी समय चोर खाली पड़े मकान में ताला तोड़कर दाखिल हुए और वहां एक कमरे में रखी सेफ और बक्से का ताला तोड़ डाला और उसमें रखे 10 हजार रुपये, सोने का हार, मांगबेंदी, झुलनिया, झाला, दो जोड़ी पायल, अंगूठी, बर्तन, कपड़े समेत लाखों का माल चुरा ले गए। गुरुवार की सुबह एक खाली बक्सा और कपड़े गांव के बाहर एक खेत से बरामद हुए। मामले की पुलिस को तहरीर दी गई है लेकिन पुलिस ने समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी।
पुलिस गश्त की खुली पोल
क्षेत्र में लगातार हो रहीं चोरियों से पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। हकीकत तो यह है कि पुलिस अपराधियों पर नकेल कसने की बजाए जेब भारी करने के लिए छोटे-मोटे विवादों में ज्यादा रुचि दिखाती है।
इस मामले में प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार गौतम ने बताया अभी तक तहरीर नहीं दी गई है। एसआई आशीष कुमार चौधरी ने बताया तहरीर मिली है जांच की जा रही है।
