यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

धौलपुर इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट की धौलपुर जिला इकाई के तत्वाधान में शुक्रवार को स्थानीय भार्गव वाटिका में होली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन में पत्रकारों तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने फूलों की होली खेली तथा एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद जिला कलक्टर राकेश कुमार जायसवाल ने कहा कि देश और समाज के निर्माण में मीडिया की सकारात्मक भूमिका महत्वपूर्ण होती है। इसलिए मीडियाकर्मी राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने दायित्वों का निर्वाह करें। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में एक अप्रेल से धौलपुर मॉडल लागू किया जा रहा है। जिसके तहत ई-मित्रा केन्द्रों पर आउटडोर पर्ची के पंजीयन का काम शुरू किया जा रहा है। यह धौलपुर जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने पत्रकारों का आह्वान किया कि पत्रकार नाकारात्मक समाचार छापने के साथ साथ सकारात्मक समाचार भी छापें, जिससे लोगों को उपयोगी सूचनाएं एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि जिले में महिला सशक्तिकरण के लिए बेटियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं को सुना तथा इस संबंध में राज्य सरकार को अवगत कराने की बात कही। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने कहा कि मीडिया सकारात्मक भूमिका निभाते हुए समाज के प्रति कर्तव्यों की पालना करें। आरंभ में संगठन के जिलाध्यक्ष गोपेश पचौरी समेत कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
