अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
मध्यप्रदेश के सागर जिला के आनंद नगर में देशी शराब की दुकान का विरोध करते हुए लोगों ने आग लगा दी। शराब मुक्त मध्य प्रदेश की मांग को लेकर शहर की विचार सहित कई संस्थाओं ने शनिवार की रात कैंडिल मार्च निकालकर विरोध जताया था। साथ ही साथ अंकुर स्कूल के बच्चों ने भी मकरोनिया में रैली निकाल कर अपना विरोध दर्ज किया था।
मिली जानकारी के अनुसार रजाखेड़ी के आनंदनगर इलाके में खुल रही एक शराब की दुकान को स्थानीय रहवासियों ने आग के हवाले कर दिया। पुलिस जब तक माैके पर पहुंचती, शराब की कई पेटियां आग में तब्दील हो चुकी थी।
मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हम लोग देर रात से शराब ठेकेदार को एक खाली प्लाट पर आते-जाते देख रहे थे। बंदूकधारियों से घिरे ठेकेदार अौर उसके संगी-साथियों ने वहां एक टपरा रखवा दिया। रात को कुछ घंटे बाद वहां दुकान खुल गई। रात में हम लोगों ने उसी समय दुकान का विरोध करने का मन बनाया। लेकिन बंदूकधारियों को देख कदम पीछे हटा लिए। फिर सोचा कि अगर यह दुकान सुबह से खुल गई तो कभी बंद नहीं हाेगी। इसलिए सुबह 6 बजे ही इसे आग के हवाले कर दिया। जैसे ही आगजनी की घटना हुई। मौके पर डायल-100 से पुलिस पहुंच गई। लाेग नारेबाजी कर शराब दुकान के प्रति विरोध जता रहे थे। कुछ समय बाद ही वहां फायर लॉरी पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया गया।
