अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
आम आदमी पार्टी मप्र द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 15 अप्रैल से आम आदमी पार्टी का ‘किसान बचाओ आंदोलन’ शुरू हो गया है। इस आंदोलन की शुरुवात प्रदेश भर में चेतावनी धरने से की गई। इस धरने में किसान कर्ज माफी और समर्थन मूल्य लागत का डेढ़ गुना किए जाने की मांग की गई।
भोपाल में प्रदेश संयोजक श्री आलोक अग्रवाल के नेतृत्व में धरना आयोजित किया गया। धरना करोंद गल्ला मंडी पर किया गया, जहाँ किसान बचाओ आंदोलन के पर्चे भी बांटे गए और किसानों को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।
किसानों को संबोधित करते हुए श्री आलोक अग्रवाल ने कहा जय जवान, जय किसान के नारे को सार्थक करने को जरूरत है। जिस तरह से जवान के शहीद होने पर हम व्यथित हो जाता है उसी प्रकार किसान के आत्महत्या करने पर हमे व्यथित होना चाहिए। सिर्फ नारा लगाने से किसान की जयकार नही होंगी।
उन्होंने शिवराज पर हमला बोलते हुए कहा कि एक तरफ शिवराज जय किसान बोलते है दूसरी तरफ किसान आत्महत्या कर रहा होता है। मध्य प्रदेश में रोज 4 किसान आत्महत्या करते है। उस पर उनका कर्ज़ माफ करने की जगह किसान कल्याण का 250 करोड रु बजट से कम कर दिया गया है। जब चंद उद्योगपतियों के 1 लाख 14 हज़ार करोड़ माफ किए जा सकते है तो किसान का कर्ज क्यों न माफ हो?
किसान बचाओ आंदोलन के प्रथम चरण में आम आदमी पार्टी ‘आप की चौपाल’ अभियान चलाएगी। इस अभियान में हर गांव में जा कर चौपाल आयोजित की जाएगी और किसान की समस्याओं को सुना जाएगा उन्हें कर्ज़ माफी और समर्थन मूल्य लागत का डेढ़ गुना किए जाने के इस अभियान से जोड़ा जाएगा।
किसान बचाओ आंदोलन के दूसरे चरण में किसान बचाओ आंदोलन यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा 1 मई से 11 जून तक चलेगी। इस यात्रा के दौरान प्रदेश संयोजक श्री आलोक अग्रवाल प्रदेश की सभी जिलों और 130 विधानसभाओ में किसान सम्मलेन करेगे। तत्पश्चात 7 जून को उज्जैन, 8 जून इंदौर, 9 ग्वालियर,10 जबलपुर और 11 जून को भोपाल में संभागीय किसान सम्मेलन आयोजित किए जाएगे। उल्लेखनीय है कि आज भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर समेत सभी जिलों और तमाम विधासभाओ में चेतावनी धरना आयोजित किया गया है।
