कासिम खलील, बुलढाणा (महाराष्ट्र), NIT;
बुलढाणा ज़िला के मोताला तहसिल के ग्राम धामणगांव बड़े के निवासी एक किसान के खेत में रात शॉर्टसर्किट के कारण आग लगने से खेत में खड़ी हुई मक्का की फसल और खेती का सामान जलकर राख हो गया जिससे किसान को लगभग 3 लाख रूपये का नुक्सान हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार धामणगांव बड़े निवासी किसान शेख बादर शेख इमाम का गांव से कुछ ही दुरी पर गट नंबर 437 में 6 एकड खेत है। इस खेत में 2 एकड में मक्का की फसल बोई हुई थी। विगत रात अचानक खेत में शॉर्टसर्किट के कारण आग लग गई और इस आग ने देखते ही देखते विशाल रूप धारण कर लिया और खेत में खड़ी मक्का की फसल स्वाहा हो गई। इस के अलावा खेत में रखे हुए खेती के औज़ार, थिबक सिंचन, 150 पाइप भी जल कर राख हो गया।
आज सुबह घटना के प्रकाश में आने के बाद राजस्व विभाग के पटवारी आर.यू.भारसाकले ने खेत में पहुंच कर पंचनामा किया। किसान शेख बादर ने इस घटना में अपना 3 लाख रूपये का नुक्सान होने का दावा किया है। धामणगांव बड़े पुलिस थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। किसान को तत्काल शासनिक मदद मुहैय्या कीये जाने की मांग ग्रामास्थो द्वारा की जा रही है।
