यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

धौलपुर पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा की पहल पर धौलपुर पुलिस ने पहली बार आम जन के गुम हुए मोबाइलों को विशेष अभियान चला कर बरामद किया है। धौलपुर पुलिस की साइबर टीम ने विशेष ऑपरेशन के तहत 50 गुम मोबाइल को बरामद किया है जिन्हें आज पुलिस अधीक्षक ने कार्यालय में उनके मालिकों को सौंपा। इन गुम हुए मोबाइलों की कीमत 570900 लाख रुपए है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा ने कार्यालय में बरामद हुए मोबाइलों को उनके मालिकों को सौंपते हुए बताया कि आज के युग में प्रत्येक व्यक्ति के लिए मोबाइल जरूरी वस्तु बन गई है। उसकी कार्य से जुड़ी कई फाइलें भी मोबाइल में ही होती हैं। वर्तमान में मल्टीमीडिया एन्ड्रायड मोबाइल काफी महंगे आते हैं जिसे आम आदमी जरूरत समझ कर बड़ी मुश्किल से खरीदता है, जब यह चोरी या गुम हो जाते हैं तो उसके सामने आर्थिक संकट के साथ अन्य कामकाज और सीक्रेट सम्बंधित समस्या भी खड़ी हो जाती है। सामान्यत: देखा गया है कि थाना पुलिस मोबाइल गुम को लेकर सीरियस नहीं होती है लेकिन वर्तमान में पुलिस के पास साइबर सेल जैसा मजबूत अंग है जो कि अच्छी तकनीकी मानी जाती है। हमारा प्रयास है कि जिस किसी का भी मोबाइल चोरी हुआ है उसे तलाश कर उसके पास पहुंचाया जाए। इसी प्रयास को लेकर विशेष ऑपरेशन के तहत अब तक 50 गुम मोबाइल बरामद कर उन्हें आज सौंपा गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया है कि गुम हुए मोबाइल अन्य राज्यों उत्तरप्रदेश, दिल्ली व मध्यप्रदेश से भी बरामद किये गये हैं। गुम मोबाइल जिन्हें मिले उन्होंने अज्ञानतावश स्वयं उपयोग करना बताया है। इन सभी ने पुलिस जांच में सहयोग किया है इसलिए इनके विरूद्ध किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई है।
पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा ने बताया है कि इस विशेष अभियान में साइबर सेल के हैड कानि. राजकुमार मीणा, कानि. विजय सिंह, कानि. नरेन्द्र चौधरी, कानि. भूरा सिंह, कानि. रामू व आरएसी कानि. नीरज शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने आज राहुल परमार, लोकेन्द्र सिंह, तोताराम, सोनू सिकरवार, मनोज कुमार, रघुराज, वेदप्रकाश, गोरीशंकर, विनोद, मिथलेश, जाकिर, अभिषेक शर्मा, मुन्नी, मानवेन्द्र आदि को उनके गुम हुए मोबाइल सौंपे है। इस अवसर पर गुम हुए मोबाइल पाकर इन सभी के चेहरे खुशी से झूम उठे और सभी ने एक स्वर में बताया कि उन्हें यकीन हीं नहीं हुआ कि उनका मोबाइल मिल गया है। पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा की पहल पर सायबर सेल ने विशेष अभियान चला कर उनके गुम हुए मोबाइल बरामद कर उन्हें सौंपे है इसके लिए धौलपुर पुलिस का हम ह्रदय से आभार व्यक्त करते है। इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेन्द्र वर्मा उपस्थित रहे।
