नरेंद्र इंगले, ब्यूरो चीफ, जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:
जलगांव जिले के जामनेर तहसील अंतर्गत शेंदुर्नी आउट पोस्ट पुलिस थाने मे घुसकर एक सनकी युवक ने सरकारी रिकार्ड मे आग लगा दी। वारदात के समय थाने में केवल 2 पुलिस सिपाही मौजुद होने की बात बताई जा रही है। हाथ में केन लेकर पहुंचे इस युवक ने थाने में घुसकर सरकारी रिकार्ड औऱ फर्नीचर पर ताबड़तोड़ पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी। आग से बचने के लिए मौजूद पुलिस कर्मी बाहर निकल गये। इस आग में थाने का सरकारी रिकार्ड जलकर खाक हो गया और बहुत देर तक धुंआ उठता रहा।

सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद तत्काल सनकी युवक को हिरासत मे लिया गया है। मामले को लेकर पहुर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने का काम समाचार लिखे जाने तक चल रहा था। पत्रकार सहयोगियों ने पहुर पहुंचकर थाना प्रभारी से इस संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने बताया की जिला पुलिस अधीक्षक स्वयं मामले का संज्ञान लेने घटनास्थल का मुआयना कर सकते हैं। शेंदुर्नी के स्थानीय पत्रकारों के मुताबिक सनकी युवक पर फसाद समेत कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
विदित हो कि शेंदुर्नी आउट पोस्ट का यह थाना पहुर के कार्यक्षेत्र अंतर्गत है जहां आउट पोस्ट को खुद की अपनी जगह नहीं होने के कारण सहकारी मार्केट के पहले माले पर किराए की जगह पर स्थापित कर चलाया जा रहा है। नागपुर मे विधानसभा का शीतकालीन सत्र चल रहा है जिसके कारण संख्या की कमी से जूझते इस पोस्ट में तैनात पुलिस जवानों में से कईयों को नागपुर में कर्तव्य पर तैनात किया जा चुका है। विधायक गिरीश महाजन के रूप में पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल में बतौर मंत्रिपद रहने के बावजुद भी पुलिस महकमे की चुस्तीफुर्ती को लेकर कुछ भी विशेष प्रयास नहीं किए गए।
