अबरार अहमद खान, भोपाल (मप्र), NIT:

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कल दोपहर 2:00 बजे इक़बाल मैदान में विधायक आरिफ मसूद के नेतुर्त्व में दिल्ली में जामिया मिल्ली इस्लामिया के छात्र-छात्राओं पर हुए पुलिस लाठी चार्ज एवं पुलिस की बर्बरतापूर्ण कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन रखा गया है जिसमें प्रमुख रूप से मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एवं अंतर्राष्ट्रीय शायर इमरान प्रतापगढ़ी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी इस प्रदर्शन में शामिल होंगे।
इस मौके पर आरिफ मसूद ने कहा कि पूरे देश में एनआरसी एवं सीएबी के विरोध में प्रदर्शन किए जा रहे हैं। सरकार ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया और ए.एम.यू, जे.एन.यू. सहित तमाम विश्व विद्यालयों के छात्र-छात्राएं सरकार के इस फैसले के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। उनकी आवाज़ को दबाने के लिए जिस तरह से दिल्ली में छात्र-छात्राओं पर पुलिस ने बर्बरता पूर्ण कार्यवाही की है इससे यह प्रतीत होता है कि केन्द्र सरकार इस आंदोलन से घबरा गई है और इस आंदोलन को दबाने के लिए इस प्रकार की पुलिस कार्यवाही केन्द्र सरकार के इशारे पर की गई है। इस कार्यवाही के विरोध में इक़बाल मैदान पर विशाल प्रदर्शन रखा गया है। जिसमें मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और अंतर्राष्ट्रीय शायर इमरान प्रतापगढ़ी सहित शहर के सम्माननीय नागरिक शामिल होंगे।
