अबरार अहमद खान, भोपाल (मप्र), NIT:

भोपाल के कांग्रेसी विधायक आरिफ मसूद के नेतृत्व में एन.आर.सी. और केब के खि़लाफ बुधवारा चारबत्ती चैराहे पर गुरुवार को एक विशाल आम सभा का आयोजन किया गया जिस में सभा को सामाजिक संगठनों एवं राजनैतिक दलों के नेताओं ने संबोधित कर एन.आर.सी. का विरोध किया। विधायक आरिफ मसूद ने लोगों को संबोधित करते हुऐ कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा नागरिक संशोधन बिल (सी.ए.बी.) सदन में लाया गया है यह बिल काला क़ानून है और संविधान को ख़त्म करने वाला बिल है। यह बिल भेदभाव पूर्ण बांटने वाला और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों का उल्लंघन है। इस बिल से भारतीय गणतंत्रता का मूल रूप बदल जाएगा। इस बिल को धार्मिक आधार पर तैयार किया गया है जिससे लोगों को भारी कठिनाईयों से गुज़रना पड़ेगा। आरिफ मसूद ने कहा कि हमारे नेता को ममता बैनर्जी की तरह प्रदेश में केब एवं एनआरसी पर रोक लगानी चाहिऐ। यदि सरकार रोक नहीं लगाएगी तो आरिफ मसूद विधायक नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि हम इस काले कानून का जमकर विरोध करेंगे, अहिंसात्मक रुप से गांधी जी के बताए मार्ग पर चल कर विरोध करेंगे।

आमसभा को संबोधित करने वालों में राष्ट्रीय सेक्यूलर मंच के संयोजक और वरिष्ठतम पत्रकार, बुद्धिजीवी लज्जा शंकर हरदेनिया, सीपीएम नेता और लोक जनमत समाचार के प्रधान संपादक श्री बादल सरोज, भारत ज्ञान विज्ञान समिति की अध्यक्ष आशा मिश्रा जी,लोकतांत्रिक अधिकार मंच के संयोजक श्री विजय कुमार सीपी शेलेन्द्र कुमार शेली जी सामाजिक कार्यकर्ता माधुरी जी आदि सहित कईं लोगों ने संबोधित किया। सभा में लगभग 3 हज़ार लोगों ने शिरकत की।
