संदीप शुक्ला, भोपाल, NIT; मप्र के अटेर व बांधवगढ़ विधानसभा उपचुनाव की मतगणना 13 अप्रैल को | New India Times​मध्यप्रदेश के दो विधानसभा सीटों के लिए संपन्न हुए उपचुनाव के वोटों की गिनती 13 अप्रैल को होगी, जिसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।
मध्यप्रदेश के भिंड जिले के अटेर और उमरिया के बांधवगढ़ विधानसभा उप चुनाव की मतगणना गुरुवार 13 अप्रैल को जिला मुख्यालय में होगी। दोनों स्थान पर मतगणना के लिए त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। वोटों की गिनती का काम सुबह 8 बजे से शुरू होगा। अटेर की मतगणना भिंड स्थित शासकीय एम.जे.एस. महाविद्यालय तथा बांधवगढ़ की उमरिया स्थित शासकीय जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान में होगी। सबसे पहले 8 बजे डाक मत-पत्रों की गणना की जायेगी, उसके बाद ईवीएम के वोटों की गिनती होगी। अटेर के वोटों की गणना 21 और बांधवगढ़ की 19 राउण्ड में होगी। मतगणना के लिए भवन के बड़े हॉल में 14-14 टेबिल लगाए जायेंगे। डाक मत-पत्र की गणना के लिए एक अलग टेबल लगेगी, जहाँ रिटर्निंग ऑफिसर मौजूद रहेंगे। इसके पहले कड़ी सुरक्षा के बीच ईवीएम को स्ट्रांग-रुम से बाहर निकाला जायेगा।

दोनों स्थान की मतगणना के लिए कुल 140 (70-70) कर्मचारी तैनात किये गये हैं। प्रत्येक टेबल के लिए एक-एक माइक्रो आर्ब्जवर, गणना-पर्यवेक्षक, गणना-सहायक एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तैनात रहेंगे। चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य प्रेक्षक पूरे समय मतगणना-स्थल पर मौजूद रहेंगें। मतगणना-स्थल पर मीडिया सेन्टर भी बनाया जा रहा है।
मतगणना के लिए 13 अप्रैल को मतगणना क्षेत्र में शुष्क दिवस घोषित किया गया है। आयोग द्वारा जारी प्रवेशपत्र के बिना किसी भी व्यक्ति को मतगणना स्थल पर जाने की अनुमति नहीं होगी। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहेंगें। मोबाइल, कैमरा आदि सामग्री ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। मतगणना की वीडियोग्राफी भी करवाई जायेगी।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version