अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
आगामी 20 दिसंबर को भोपाल में होने वाली आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की परिवर्तन रैली को लेकर इंदौर और उज्जैन में तैयारी बैठक आयोजित की गई। इन बैठकों में विभिन्न जिलों के आगमी 10 दिनों के प्रचार कार्यक्रम और 20 दिसम्बर को अरविन्द केजरीवाल की रैली को लेकर रणनीति तय की गई। आज इंदौर और उज्जैन में आयोजित 15 जिलों के कार्यकर्ताओं के सम्मलेन को संबोधित करते हुए प्रदेश संयोजक श्री आलोक अग्रवाल ने कहा कि कालेधन की बात करते करते मोदी जी अब कैशलेस की बात करने लग गए हैं, जबकि वास्तविकता पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश में 24% आदिवासी निवास करते हैं और मध्यप्रदेश में साक्षरता का प्रतिशत भी बहुत कम है, ऐसे में कैशलेश की बात करना वास्तविकता से बहुत दूर है। पंचर वाला, सब्जी वाला, चायवाला के लिए यह संभव नहीं है। दरअसल मोदी जी पेटीएम और अन्य कार्ड वाली कंपनी को अनैतिक तरीके से लाभ पहुंचाने के लिए कैशलेश को आम जनता पर थोप रहे हैं। मोदी जी को लोगों की परेशानियां नहीं दिखाई दे रही है। अभी तक नोट बंदी के कारण करीब 85 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। इन लोगों के मौतों का जिम्मेदार कौन है?
हर बात को देशभक्ति से जोड़ना मोदी जी की गैर बयानी है तथा विरोध करने वालों को देशद्रोही कहना गलत है। लोकतंत्र में विपक्ष को अपनी बात कहने का हक़ होता है।
नोट बंदी की सच्चाई यह है नोटबंदी की आड़ में मोदी सरकार बड़े बड़े उद्योगपतियों का 8 लाख करोड माफ़ करना चाहती है और इसी घोटाले को जनता के बीच लाने के लिए अरविन्द केजरीवाल भोपाल में 20 दिसम्बर को परिवर्तन रैली करने जा रहे हैं।
तैयारी बैठक में सभी जिला ने 20 दिसंबर की रैली को लेकर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की और यह प्रण लिया गया कि पुरे प्रदेश के आप कार्यकर्ता 20 दिसंबर को बड़ी संख्या में भोपाल पहुँचेगे।
