यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

धौलपुर पुलिस ने जगन डकैत के साथी रहे शिवपुरी मध्यप्रदेश के इनामी एक स्थाई वारण्टी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
धौलपुर पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा के निर्देशन एवं वृत्ताधिकारी वृत्त बाडी श्री राजेन्द्र सिंह डागुर आरपीएस के निकट सुपरीवीजन में वांछित अपराधियों की धरपकड हेतु चलाये जा रहे अभियान के तहत आज थाना बसईडांग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा ने मीडिया को बताया कि आज 24 अक्टूबर 2019 को श्री कैलाश गुर्जर, उप निरीक्षक थानाधिकारी थाना बसईडांग को एक स्थाई वारण्टी के बारे में मुखबिर सूचना मिली जिस पर थानाधिकारी थाना बसईडांग हैड कानि. जयदेव, कानि. देवेन्द्र, कानि. सूबेदार, कानि. हरदम सिंह की टीम को लेकर मौके पर रवाना हुए। उक्त टीम ने नगर तिराहा से एक स्थाई वारण्टी बाबूलाल पुत्र केदार सिंह जाति गुर्जर निवासी मुतावली थाना बसईडांग जिला धौलपुर को गिरफ्तार किया है। उक्त स्थाई वारण्टी न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट नम्बर-1 धौलपुर से केस नंबर 47/ 14 एवं FIR नंबर 14/07 धारा 216 ए आईपीसी व 3/25 आर्म्स एक्ट थाना बसईडांग से वांछित चल रहा था। उक्त वारण्टी के बारे में थानाधिकारी थाना बसईडांग को जरिए मुखबिर सूचना मिली थी कि दीपावली के त्यौहार का सामान खरीदने के लिए धौलपुर जाने के लिए नगर तिराहा पर खडा है। इस पर थाना बसईडांग पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उक्त स्थाई वारण्टी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उक्त स्थाई वारण्टी बाबूलाल गुर्जर पूर्व में डकैत जगन गुर्जर के साथ भी रहा है और इस पर मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की पुलिस से 1000 रुपये का भी ईनाम घोषित है इसके साथ ही स्थाई वारण्टी बाबूलाल के अन्य आपराधिक रिकार्ड के बारे में भी पडताल कराई जा रही है।
