सिंधिया कन्या विद्यालय में छात्राओं को वितरित किए गए पुरस्कार, बेटियां दुनिया का भविष्य हैं: मुख्य सचिव श्री मोहंती | New India Times

पवन परूथी/गुलशन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

सिंधिया कन्या विद्यालय में छात्राओं को वितरित किए गए पुरस्कार, बेटियां दुनिया का भविष्य हैं: मुख्य सचिव श्री मोहंती | New India Times

मुख्य सचिव श्री एस आर मोहंती ने कहा कि बेटियां इस दुनिया का भविष्य हैं। उन्हें हर मुश्किलों का सामना करते हुए अपनी मंजिल पार करना है और हमें कमजोर की आगे आकर मदद भी करना है। श्री एस आर मोहंती शनिवार को सिंधिया कन्या विद्यालय में 63वें खेल समारोह के समापन कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में सिंधिया कन्या विद्यालय की चेयरमैन बोर्ड ऑफ गवर्नर श्रीमंत माधवीराजे सिंधिया, डॉ. व्ही के गंगवाल, डॉ. ज्योति बिंदल, श्रीमती उज्ज्वला फालके, श्रीमती कीर्ति फालके, संस्था की प्राचार्य श्रीमती निशी मिश्रा आदि मंचासीन थे। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने छात्राओं को पुरस्कार भी वितरित किए।

सिंधिया कन्या विद्यालय में छात्राओं को वितरित किए गए पुरस्कार, बेटियां दुनिया का भविष्य हैं: मुख्य सचिव श्री मोहंती | New India Times

मुख्य सचिव श्री एस आर मोहंती ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेटियां दुनिया का भविष्य हैं। बेटियों को सारी मुश्किलों का सामना करते हुए अपना लक्ष्य प्राप्त करना है। श्री मोहंती ने कहा कि मध्यप्रदेश की दो बेटियों ने मुश्किलों का सामना करते हुए माउण्ट एवरेस्ट की चोटी पर पहुँचकर अपने माता-पिता के साथ प्रदेश का भी नाम रोशन किया है। उन्होंने कठिन मेहनत के पश्चात यह मंजिल प्राप्त की। अत: जीवन में मेहनत व परिश्रम बेकार नहीं जाता है बल्कि हमें अपना लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करना चाहिए। श्री मोहंती ने अपने बचपन के स्मरण सुनाते हुए कहा कि वे उड़ीसा प्रदेश के एक छोटे से गाँव से आए हैं। उन्हें शुरू में हिंदी एवं अंग्रेजी में काफी कठिनाई हुई। लेकिन शिक्षकों का मार्गदर्शन और उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम है कि आज वे मुख्य सचिव के पद पर पहुँचे हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि सिंधिया कन्या विद्यालय अपनी परंपराओं और धरोहर के लिए देशभर में जाना जाता है। यहाँ छात्राओं की पढ़ाई के साथ-साथ खेलों पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। संस्था की छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर पर भी विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।

सिंधिया कन्या विद्यालय में छात्राओं को वितरित किए गए पुरस्कार, बेटियां दुनिया का भविष्य हैं: मुख्य सचिव श्री मोहंती | New India Times

चेयरमेन बोर्ड ऑफ गवर्नर श्रीमंत माधवीराजे सिंधिया ने स्वागत भाषण देते हुए विद्यालय के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के चार सदनों, माधवी, ऊषा, वसुंधरा और यशोधरा सदनों द्वारा मार्चपास्ट कर सलामी दी गई। मुख्य अतिथि द्वारा मीट प्रारंभ की घोषणा कर खेल कप्तान कु. स्नेहा पटेल ने सभी छात्राओं को खेल भावना की शपथ दिलाई। गेम्स प्रीफेक्ट कु. चिन्मय तिवारी द्वारा कु. स्नेहा पटेल को मशाल प्रदान कर उसे प्रज्ज्वलित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा-6, 7 व 8 की छात्राओं द्वारा राजस्थान की संस्कृति को प्रदर्शित करते हुए घूमर एवं कालबेरिया नृत्यों की आकर्षक एवं मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई। इस मौके पर सीनियर मिडिल में 100 मीटर और 200 मीटर सीनियर दौड़ सम्पन्न हुई। छात्राओं ने जूडो कराटे का भी प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती निशी मिश्रा द्वारा वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की कप्तान कु. स्नेहा पटेल द्वारा सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस मौके पर विद्यालय के शिक्षकगण, छात्राओं के अभिभावक एवं छात्राएं उपस्थित थीं।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version