पवन परूथी/गुलशन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

शहर विकास के कार्यों को सभी विभागीय अधिकारी समन्वय के साथ कार्य कर गति प्रदान करें, शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए, क्षेत्रीय सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में उक्त निर्देश दिए।
विकास योजनाओं को गति प्रदान करने के लिए आयोजित बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा भुजवल सिंह यादव, विधायक ग्रामीण श्री भारत सिंह कुशवाह, विधायक ग्वालियर दक्षिण श्री प्रवीण पाठक, कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी, सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम वर्मा, विधायक प्रतिनिधि, जिला पंचायत के सदस्य एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री अनुराग चौधरी ने विकास बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बैठक में डीआरडीओ के संबंध में भी बताया कि डीआरडीओ को भूमि आवंटन हेतु एक प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है। इसके साथ ही डीआरडीओ की 200 मीटर की सीमा को घटाकर 10 मीटर करने का प्रस्ताव भी भेजा जा रहा है। उन्होंने बैठक में आश्वस्त किया कि शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों का क्रियान्वयन जिले में तेजी के साथ किया जाएगा।
