हांफते एटीएम और कतार में कस्टमर, नहीं है कोई पुरसान-ए-हाल | New India Times

हाशिम अंसारी, ब्यूरो चीफ, सीतापुर (यूपी), NIT:

हांफते एटीएम और कतार में कस्टमर, नहीं है कोई पुरसान-ए-हाल | New India Times

खाता धारकों को कैश पाने के लिए बैंकों के चक्कर न लगाने पड़े, बैंक शाखा में उन्हें कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार न करना पड़े, खाता धारक अपने ही क्षेत्र में या कहीं बाहर करीब के एक निश्चित स्थान से जरूरत भर का कैश प्राप्त कर सकें, इस मंशा को लेकर बैंकों ने एटीएम लगा रखे हैं, लेकिन यह एटीएम चल भी रहे हैं कि नहीं यह देखने वाला कोई नहीं है। शायद यही वजह है कि जिले के अधिकांश स्थानों पर एटीएम खराब पड़े हैं।

गुरुवार को एटीएम की सेवाओं की हकीकत देखी गई, तो ग्राहक परेशान नजर आए। जिले में करीब 162 स्थानों पर एटीएम लगे हुए हैं। इनमें अधिकांश स्थानों पर एटीएम या तो खराब मिले या फिर उनकी केबिन के शटर डाउन मिले। जहां एटीएम चल रहे थे वहां पर ग्राहकों की लंबी कतारें लगी हुई थीं। कुल मिलाकर ऐसा लग रहा था कि एटीएम हांफ रहे हैं और कस्टमर कतार में खड़े हैं। इस संबंध में जिम्मेदारों का कहना है कि एटीएम खराब होने की शिकायत नहीं मिली है। अगर शिकायत मिलती है तो उसे दिखवाया जाएगा।

दिक्कत ही दिक्कत

शहर के प्रेम नगर स्थित स्टेट बैंक के एटीएम का शटर डाउन था। कलेक्ट्रेट स्थित स्टेट बैंक का एटीएम बंद था। करीब के इलाहाबाद के एटीएम में ग्राहकों की कतार लगी हुई थी। वहीं कलेक्ट्रेट बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम खराब था। संतोषी मां मंदिर मार्ग पर बैंक आफ इंडिया का शटर डाउन था। आंख अस्पताल गेट पर यूनियन बैंक का एटीएम खराब था।

शोपीस बने एटीएम

तीर्थ नगरी नैमिषारण्य में भारतीय स्टेट बैंक का एटीएम खराब पड़ा है। जिसकी वजह से एटीएम धारकों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। महार्षि दधीचि नगरी मिश्रिख में अस्पताल के सामने स्टेट बैंक का एटीएम कई माह से खराब पड़ा है। जबकि बैंक ऑफ इंडिया आदि बैंकों के कई एटीएम का हाल यही है। ग्राहकों को रुपयों के लिए बैंक शाखा जाना पड़ता है।

यहां बैंक में ही लटक रहा ताला

पिसावां कस्बे में पंजाब नेशनल बैंक में ही एटीएम लगा हुआ है। यहां के कर्मचारी चुनाव ड्यूटी पर गए हुए हैं जिसकी वजह से बैंक ही बंद है। रेउसा कस्बा में बिसवां मार्ग के किनारे एटीएम लगा है। यह एटीएम बीते एक सप्ताह से बंद चल रहा है। ऐसा ही हाल तालगांव कस्बे में लगे इलाहाबाद बैंक के एटीएम का है। जहां शटर में ताला लगा हुआ है।

एटीएम खराब होने की कोई शिकायत नहीं आई है। अगर कहीं से कोई शिकायत आती है, तब संबंधित जिम्मेदारों से बात कर दिक्कत को दूर किया जाएगा: प्रवीन कुमार, एलडीएम।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version