गुलजार अहमद, मैनपुरी ( यूपी ), NIT;
मैनपुरी जिले के रहने वाले 6 लोगों की उस वक्त मौत हो गई और 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए जब एक तेज रफ्तार स्कार्पियो कार एक कुत्ते को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इस हादसे से शादी की खुशी गम में तब्दील हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वेरपर मैनपुरी शहर के महमूद नगर निवासी दो परिवार एक शादी समारोह में शिरकत करने बिल्हौर जा रहे थे। कन्नौज जनपद में तेज रफ्तार स्कार्पियो कार अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना इतनी भीषण थी कि मौके पर ही 6 लोगों की मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार मेडिकल कालेज तिर्वा में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक नगर के मोहल्ला महमूद नगर निवासी 38 वर्षीय इरशाद पुत्र ताहिर व 35 वर्षीय आरिफ उर्फ गुड्डू पुत्र निजामुद्दीन अपने-अपने परिवार के साथ थाना भोगांव के छाछा से गई एक बारात में शामिल होने कानपुर के बिल्हौर जा रहे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर जनपद कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र के होलेपुर गांव के सामने एक्सप्रेस वे पर अचानक कुत्ता आ गया। कुत्ता को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार स्कार्पियो कार अनियंत्रित हो गई और एक्सप्रेस-वे पर पलटकर खाई में जा गिरी। कार के गिरते ही उसमें सवार इरशाद की पत्नी 35 वर्षीय अंजुम, 20 वर्षीय पुत्र शादाब,16 वर्षीय आहाद, आरिफ की पुत्री 3 वर्षीय अक्शा, 5 वर्षीय पुत्र अजमा की मौके पर ही मौत हो गई। इसके साथ ही आरिफ, उसकी पत्नी 33 वर्षीय तबस्सुम, पुत्रियां 8 वर्षीय महक व 16 वर्षीय जुविया गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालवाकर तिर्वा के मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। यहां घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मृतकों के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही क्रेन मशीन की मदद से स्कार्पियो कार को खाई से बाहर निकलवाया गया है। दुर्घटना की सूचना शहर में पहुंचने पर दोनों परिवारों के रिश्तेदार तिर्वा मेडिकल कालेज के लिए रवाना हो गए थे। शहर में भी उक्त घटना को लेकर शोक व्याप्त है।
*रिपोर्ट- गुलज़ार अहमद पत्रकार*
