वी.के.त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी के गोला लखीमपुर मार्ग पर ग्राम केशवापुर चौराहे के निकट बनी एस्सार पेट्रोल पंप के सामने एक तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी जिससे बाइक चालक व एक मासूम की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि बाइक पर बैठी दो सगी बहनें घायल हो गयीं। हादसे के समय मौके पर मौजूद राहगीरों ने डीसीएम चालक को पकड़कर उसकी धुनाई कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिलाओं को सीएचसी गोला भिजवाया और मृतकों के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिलास्पताल भिजवाया।
थाना हैदराबाद क्षेत्र के ग्राम पिपरा निवासी सतीश पुत्र वीपत अपनी दो भांजियों थाना मैलानी क्षेत्र के ग्राम जटपुरा निवासी श्यामकुमारी पत्नी महेंद्र 25, आरती पत्नी कौशल 23 व श्यामकुमारी का 4 वर्षीय पुत्र कुशाग्र को बाइक से लेकर फूलबेहड़ अपने बहनोई के अंतिम संस्कार में गया था जहां से वापस आ रहा था जैसे ही गोला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम केशवापुर के पास बनी एस्सार पेट्रोल पम्प के पास पहुंचा उसी समय सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे सतीश व 4 वर्षीय मासूम कुशाग्र की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दोनों बहनें गम्भीर रूप से घायल हो गयी।जिन्हें गोला पुलिस ने सीएचसी गोला में भर्ती कराया।गोला पुलिस ने डीसीएम चालक को भीड़ से बचाकर कोतवाली ले गयी।
