मेहलक़ा अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

ज़िला कांग्रेस कमेटी बुरहानपुर के अध्यक्ष अजय रघुवंशी अपने वरिष्ठ कांग्रेसी प्रत्याशी अरूण यादव की जीत सुनिश्चित करने के लिए शातिराना चाल चल रहे हैं। अरूण यादव के पक्ष में माहौल बनाने के लिए कांग्रेस की सभा सम्पन्न हुई, जिसमें लोक जनशक्ति पार्टी के नगर अध्यक्ष जनाब साजिद अंसारी, बसपा के नगर अध्यक्ष आसिफ साहब और सैकुलर संस्था बैतुलमाल सोसाइटी एनजीओ के प्रमुख एंव समाजवादी पार्टी के सादिक जहाज़वाला ने जिलाध्यक्ष अजय रघुवंशी और डाॅक्टर फ़रीदउद्दीन क़ाज़ी की मौजूदगी में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इन मुस्लिम नेताओं के सदस्यता ग्रहण करने से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार को मज़बूती हासिल होने की उम्मीद की जा रही है।

वहीं समाजवादी विचारधारा के अलमबरदार सीनियर एडवोकेट खलील अंसारी अशरफ़ी भी देश के वर्तमान हालात के परिप्रेक्ष्य में कांग्रेस उम्मीदवार अरूण यादव का खुलकर समर्थन कर रहे हैं। बुरहानपुर के निर्दलीय विधायक ठाकुर सुरेन्द्र सिंह शेरा भैया द्वारा कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन से भी कांग्रेस उम्मीदवार को लाभ मिलने की उम्मीद है। लोकसभा चुनाव में मुख्य मुक़ाबला कांग्रेस के अरूण यादव और भाजपा के नंद कुमार सिंह चौहान के दरम्यान है। नंद कुमार सिंह चौहान जहां निमाड़ के कद्दावर नेता हैं वहीं पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस दीदी के इस क्षेत्र से अन्यत्र प्रचार के लिए जाने से उनकी गैर हाज़िरी में अनेक क़्यास लगाए जा रहे हैं। वर्तमान सांसद को उनसे भीतर घात का अंदेशा ज़ाहिर किया जा रहा है। मौसम का पारा बढ़ने के बाद भी सियासी पारा ठंडा है। जनता के मिजाज़ में खामोशी छाई हुई है। जनता किसकी ताज पोशी करेगी अभी निश्चित तौर पर नही कहा जा सकता है। लेकिन इस बार बदलाव के संकेत नज़र आते हैं।
