मोतीमहल में हैरीटेज होटल तथा मेले में बनेगा ट्रेड कन्वेंशन सेंटर, स्मार्ट सिटी सलाहकार समिति की बैठक में लिए गए अनेक निर्णय | New India Times

पवन परूथी/गुलशन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

मोतीमहल में हैरीटेज होटल तथा मेले में बनेगा ट्रेड कन्वेंशन सेंटर, स्मार्ट सिटी सलाहकार समिति की बैठक में लिए गए अनेक निर्णय | New India Times

स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत मोतीमहल में हैरीटेज होटल तथा ग्वालियर व्यापार मेला परिसर में ट्रेड कन्वेंशन सेंटर विकसित किया जाएगा, शहर के सभी हाईस्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम बनेंगे, केन्द्रीय पंचायतीराज, ग्रामीण विकास एवं खनन मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद श्री नरेन्द्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में स्मार्ट सिटी सलाहकार समिति की बैठक में यह तय किया गया। स्मार्ट सिटी सलाहकार समिति की बैठक शनिवार को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में शहर विकास के अनेक बिंदुओं पर चर्चा कर निर्णय लिए गए। बैठक में महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर, संभागीय आयुक्त श्री बी एम शर्मा, कलेक्टर श्री भरत यादव, सीईओ स्मार्ट सिटी श्री महिप तेजस्वी, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के प्रतिनिधि के रूप में नेता प्रतिपक्ष श्री कृष्णराव दीक्षित, विधायक मुरार श्री मुन्नालाल गोयल के प्रतिनिधि, समिति के सदस्य श्री राजू सेठ सहित सदस्यगण और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
महापौर श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने बैठक में कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत किए जा रहे कार्यों को और गति प्रदान की जाना चाहिए। स्मार्ट क्लास, वन सिटी वन एप, उद्यानों का विकास तथा गोरखी स्कूल को पुराने स्वरूप में लाने की दिशा में तेजी से कार्य हों, ताकि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

आयुक्त श्री बी एम शर्मा ने स्मार्ट सिटी योजना के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि ग्वालियर में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। किए जा रहे कार्यों का लाभ शीघ्र ही आम जनों को उपलब्ध होने लगेगा। कलेक्टर ग्वालियर श्री भरत यादव ने भी स्मार्ट सिटी के तहत किए जा रहे कार्यों और आगामी कार्ययोजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
सीईओ स्मार्ट सिटी श्री महिप तेजस्वी ने बताया कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कुल 11 मॉड्यूल पर 89 प्रोजेक्ट का कार्य 2233 करोड़ रूपए की लागत से किया जा रहा है। क्षेत्र आधारित विकास के तहत 8 मॉडयूल्स पर 54 प्रोजेक्ट पर 16 करोड़ 11 लाख रूपए की लागत से कार्य किए जा रहे हैं, जबकि पेन सिटी विकास के तहत तीन मॉड्यूल्स पर 35 प्रोजेक्टों पर 532 करोड़ रूपए के कार्य किए जा रहे हैं। बैठक में सदस्यों द्वारा भी आवश्यक सुझाव दिए गए।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version