रहीम शेरानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

झाबुआ जिला और खासकर थांदला में फर्जी झोलाछाप डॉक्टरों की भरमार से क्षेत्र के भोले भाले आदिवासी मरीजों का आर्थिक, शारीरिक व मानसिक शोषण हो रहा है। भोले भाले गरीब मरीजों की जान से हो रहे खुल्लेआम खिलवाड़ की शिकायत स्थानीय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अनिल भाना को लगातार मिल रही थी। शिकायत पर कार्यवाही करते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग अधिकारी पी एस चौहान को इस संदर्भ में कार्यवाही के निर्देश दिए। जिस पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी चौहान के संयुक्त निर्देश पर थान्दला राजस्व विभाग का दल तहसीलदार एल डावर, पटवारी जयंतीलाल बामनिया, स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी बीएमओ कमलेश परस्ते सहित प्रशासन के कर्मचारियों के साथ नगर के विभिन्न क्लिनिक पर छापेमार कार्यवाही की। दल ने एम जी रोड़ स्थित ॐ साईं क्लिनिक एवं मेडिकल जनरल स्टोर पर छापा मार कर पंचनामा बनाया। इस दौरान प्रभारी बीएमओ ने संचालक डॉ. फ़ौजमल नायक से क्लिनिक सम्बन्धी डिग्री व अन्य कागजात मांगे जिस पर डॉ नायक द्वारा बीएचएमएस बी फार्मा के साथ सात वर्षों के अनुभव की छायाप्रति उपलब्ध करवाई गई। इस दौरान पाॅली क्लिनिक का दर्जा प्राप्त उनके क्लिनिक के लिए आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध करवाए गए। उनके द्वारा गुजरात के प्रसिद्ध डॉक्टर राहुल भाभोर की एमबीबीएस के साथ डीवीडी की डिग्री की प्रतिलिपि भी उपलब्ध करवाई गई।
उक्त कार्यवाही के पश्चात इसी मार्ग पर स्थित क्लिनिक से भागे निलेश धोती व कृष्णा क्लिनिक पर डॉक्टरों के नही मिलने पर प्रशासनिक कार्यवाही करते हुए उक्त क्लिनिक सील किये गए। जबकि कुछ अवैध झोलाछाप डॉक्टर अपने क्लीनिक बन्द कर रफूचक्कर हो गए लेकिन पर्याप्त सबूत के आभाव में उक्त कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
जानकारी देते हुए एसडीएम भाना व प्रभारी बीएमओ डॉ कमलेश परस्ते ने बताया कि यह कार्यवाही सतत जारी रहेगी व बन्द पड़े क्लिनिक पर हमारी नजर भी है जैसे ही उन क्लिनिक के खुलने की सूचना मिलती है तो वे अवश्य इस दिशा में सख्त कदम उठाएंगे। उन्होंने इस दौरान पत्रकारों के सहयोग के लिए भी धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि नगर की जनता भी अपने आस-पास चल रहे असंवैधानिक फर्जी डॉक्टरों के क्लिनिक की जानकारी प्रशासन तक पहुँचाये जानकरी देने वालों के नाम की गोपनीयता रखते हुए सम्बन्धित क्लिनिक पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
