रहीम शेरानी, झाबुआ/भोपाल (मप्र), NIT:

भाजपा को झटका देते हुए पूर्व सांसद व मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया ने भाजपा को अलविदा कहते हुए कांग्रेस का हाथ लिया है जिससे लोकसभा चुनाव से पहले मप्र बीजेपी को करारा झटका लगा है।
मिली जानकारी के मुताबिक बुंदेलखंड के कद्दावर नेता और पूर्व सांसद रामकृष्ण कुसमरिया आज भोपाल स्थित जंबूरी मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपक बावरिया ने रामकृष्ण कुसमरिया को सूत की माला पहनाते हुए कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा कि भाजपा में उन्हें घुटन हो रही थी, भाजपा में पुराने और बुजुर्ग नेताओं का सम्मान और आदर नहीं होता है और उनको एकदम किनारे कर दिया जाता है। उन्होंने मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार की जमकर तारीफ़ करते हुए कहा कि कमलनाथ सरकार गाय, गरीब और किसानों के लिए अच्छा काम कर रही है। रामकृष्ण कुसमरिया के कांग्रेस में शामिल होने के बाद यह लगभग तय हो गया हैं कि डॉ, कुसमरिया कांग्रेस के टिकट पर आगामी लोकसभा चुनाव में दमोह से प्रत्याशी होंगे।
