अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
मध्यप्रदेश के कालापीपल में जबड़ी स्टेशन के पास आज सुबह भोपाल-उज्जैन पैसेंजर(59320) ट्रेन में धमाके की वजह से आग लग गई, जिसमें आधा दर्जन यात्री घायल हो गए हैं। रेलवे एसपी कृष्णा वेणी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की वजह से धमाका होने की बात कही जा रही थी। हालांकि, उन्होंने सूटकेस में विस्फोटक होने के संकेत भी दिए हैं। स्थानीय पुलिस के साथ जीआरपी और आरपीएफ की टीमें जांच कर रही हैं। शाजापुर से डॉग स्कॉड मौके के लिए रवाना किया गया है।
जानकारी के मुताबिक ट्रेन में मोबाइल फोन में ब्लास्ट हुआ था। जिसमें कुछ यात्री घायल हो गए हैं। इस दौरान ब्लास्ट से ट्रेन के डिब्बे में आग लग गई। वहां मौजूद यात्रियों ने तुरंत चेन खींचकर कर ट्रेन को रोका और सभी नीचे उतर आए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इसके बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मोबाइल में धमाके की वजह से आग लगी या नहीं। घटना के बाद ट्रेन दो डिब्बों को छोड़कर रवाना हुई।
