आसिफ शाह, भिंड ( मप्र ), NIT;
पिछले दिनों किसानों पर ओले और बारिश आफत बनकर टूटी थी। जिले के सरकारी आंकड़े के अनुसार 40 हजार किसानों की फसलें बर्बाद हुई थीं, जबकि इससे ज्यादा किसानों के प्रभावित होने की बात सामने आयी थी। किसानों को अभी तक सरकार की तरफ से कोई राहत राशि प्रदान नहीं की गई है। सर्वे के नाम पर लोगों को धोखा दिये जाने का आरोप लगाया जा रहा है। इसी को लेकर लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के द्वारा ऊमरी के पास नयागांव में एक आम सभा का आयोजन किया गया। आमसभा को संबोधित करते हुए लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक रघु ठाकुर जी ने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन के द्वारा भ्रष्ट अधिकारी कर्मचारियों को पैसा दिया जाता है उनका ही सर्वे में नाम होता है। कई पटवारियों के कारनामों के द्वारा सरसों की खेती में गेहूं, गेहूं की खेती में सरसों, सिंचित जमीन को असिंचित कागजों में बताकर उनको मुआवजा से बंचित किया गया है। ऐसे अधिकारीयों व कर्मचारियों पर आज तक कोई कार्यवाही नहीं कीईगई है। रघु जी ने किसानों के कर्ज माफी का मुद्दा उठाते हुए उद्योगपतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि हम राम मनोहर लोहिया की जमात से हैं। हिंदुस्तान में दो प्रकार के कानून चल रहे हैं, एक उद्योगपतियों के लिए दूसरा गरीबों के लिए। उन्होंने माल्या पर निशाना साधते हुए कहा कि माल्या पर 9600 करोड़ रुपए तथा सभी उद्योगपतियों पर 13 लाख करोड़ बकाया है जो कि जनता का है। जब कि हिंदुस्तान की सरकार का बजट 22 लाख करोड़ है जिसके अनुसार बजट का साठ प्रतिशत पैसा उद्योगपतियों के पास बकाया है जबकि किसानों का कर्ज मात्र 36000 करोड़ रुपए है। जब उद्योगपतियों का कर्ज माफ हो सकता है तो किसानों का मात्र 36000 करोड़ों रुपए कर्ज क्यों नहीं माफ हो सकता है? सरकार के द्वारा रेवा भेज कर उद्योगपतियों के लिए जमीन मुफ्त में ले लो कर्ज ले लो और खा जाओ की पॉलिसी चलाई जा रही है। जबकि किसानों से सरकार ने एक बार भी नहीं कहा कि हम आपको सुविधाएं व जमीनों के पट्टे देते हैं। रघु जी ने योग गुरु से उद्योगपति बने बाबा रामदेव पर निशाना साधते हुए कहा कि योग की शिक्षा देने वाले उद्योगपति बनकर 5000 करोड़ के मालिक बन गए हैं। 3 साल में 25 हजार करोड़ के मालिक बन जाएंगे, जो कि घी, तेल, जींस, सुंदरता का सामान सहित हर सामान बेच रहे हैं। सरकार किसानों की जमीन छुड़ाकर उद्योगपतियों को दे रही है। सैकड़ों कारखाने मालनपुर में बंद हो चुके हैं। भिंड के कितने किसानों को मालनपुर में रोजगार मिला है? कारखाना बंद होएगए, जमीन का मालिक उद्योगपति बन गया। लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी यह मांग करती है कि जो कारखाने बंद हो गए हैं उस जमीन को किसानों को वापस दिया जाए। गोहद के पास पिलुआ डैम किसानों के लिए बनाया गया था जबकी सारा पानी उद्योगपतियों को दिया जा रहा है। किसानों से बांस 22 से 25 रुपए में लिया जाता है जबकि वही बांस उद्योगपतियो को बांस 22 टन के हिसाब से मिलता है। एमएलए को 4 प्रतिशत पर लोन दिया जाता है जबकि किसान को 11 प्रतिशत पर। लोसपा कहती है कि इंसान से इंसान में संविधान के मुताबिक भेदभाव नहीं होना चाहिए। रघु जी ने अमेरिका की नवनिर्वाचित ट्रंप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अमेरिका द्वारा भारतीयों के साथ अन्याय किया जा रहा है। वहां से भारतीयों को निकाला जा रहा है। वहां हमारे देश के नागरिकों के साथ नस्लीय भेदभाव हो रहा है। इस भेद भाव में अमेरिका के बाद ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया आदि का भी नाम आगे आएगा। लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से यह मांग करती है कि सरकार संयुक्त राष्ट्र संघ में इस मामले को उठाए और भारत को विश्व व्यापार संगठन से अलग होकर भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। सभा को लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम सुंदर यादव, निसार कुरेशी आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर पार्टी के जिला प्रवक्ता असगर खान, हकीम खान, राजेंद्र सिंह (राकेश) कुशवाहा, रहीश अंसारी(मौ) के साथ-साथ नयागांव क्षेत्र के सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।
