अब्दुल वाहिद काकर, ब्यूरो चीफ धुले (महाराष्ट्र), NIT:

दोडाईचा पुलिस निरीक्षक भगवान माथुरे ने शिंदखेड़ा तहसील की एक महिला को सुखद अनुभव कराया। पुलिस रेजिंग डे स्थापना पखवाड़ा के अवसर पर पुलिस मामा ने यात्रा में चोरी हुआ मंगलसूत्र पीड़ित व्यक्ति के परिवार के आवास पर जाकर लौटाया। दोडाईचा थाना प्रभारी माथुरे के इस अनोखे काम की सभी स्तर पर प्रशंसा की जा रही है।
पुलिस सुत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत वर्ष दोडाईचा पुलिस थाना क्षेत्र के विखरन गांव में देव की यात्रा मेले में शिंदखेड़ा तहसील क्षेत्र से दर्शन करने 31 अक्तूबर 2017 को रविंद्र नारायण पाटील उनकी बहू आदि आए थे, इस दौरान शुभांगी प्रमोद पाटील के गले से अज्ञात बदमाश चोर महिलाओं ने 16 हजार रुपये के मंगलसूत्र की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। तत्कालीन दोडाईचा पुलिस स्टेशन थाना प्रभारी ने एक नंवबर को धूलिया निवासी माया बाई श्रावण कोसले, जनाबाई भगवान खालसे तथा शोला बाई सागर का कसोटे को
गिरफ्तार कर मंगलसूत्र बरामद किया था और चोर गिरोह की महिलाओं के विरुद्ध मुकदमा दायर किया गया था जिसमें न्यायालय ने मंगलसूत्र लौटाने के आदेश जारी किए थे। शिरपुर परिक्षेत्र पुलिस उप अधीक्षक संदीप गावित के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक भगवान माथुरे ने महिला को पुलिस थाने के चक्कर न कटवाते उनके आवास पर पुलिस टीम ने चोरी से पीड़ित महिला के छोटे बच्चे के लिए परिधान खरीदे और मंगलसूत्र लोहगाव जा कर थाना प्रभारी निरीक्षक भगवान माथुरे ने सौंपा। पुलिस को देख छोटे बच्चे ने उसकी मां से पूछा कि यह कौन हैं तो पुलिस ने कहा कि मामा तुम्हे पुलिस राइजिंग डे के अवसर पर उपहार देने आए हैं। पुलिस के इस अभिनव उपक्रम की सभी लोगों ने प्रशंसा की है।
