अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना( बिहार), NIT:

बिहार सरकार नगर विकास विभाग द्वारा प्लास्टिक थैली पर बैन के निर्णय को लागू करने के लिए संजीवनी फाउंडेशन द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
संजीवनी की महिलाओं की टोली भागलपुर ,कहलगांव तथा सुल्तानगंज के विभिन्न वार्डों में घूम- घूम कर जन- जागरण अभियान चला रहे हैं। लोगों को प्लास्टिक बैग की जगह जूट के बैग इस्तेमाल करने की सलाह दे रहे हैं।
संजीवनी फाउंडेशन के अध्यक्ष रानी चौबे तथा महासचिव रीना मिश्रा ने बताया कि संजीवनी फाउंडेशन लोगों के बीच 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक सघन जनसंपर्क अभियान चलाएगा । लोगों को प्लास्टिक बैग से होने वाले खतरों से अवगत कराया जाएगा। प्लास्टिक बैग के उपयोग से जहां एक और कैंसर का खतरा बढ़ रहा है वहीं कूड़े के ढेर में फेंके गए पॉलिथीन बैग खाकर मवेशी बीमार हो रहे हैं । शहरी नालों के माध्यम से पॉलिथीन गंगा में पहुंचकर राष्ट्रीय नदी को प्रदूषित कर रहा है। रानी चौबे ने कहा कि, पॉलिथीन मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। साथ -साथ पर्यावरण के लिए भी नुकसान दायी है । कृषि योग्य भूमि को भी पॉलिथीन बंजर बना रहा है। पॉलिथीन बैन को शत- प्रतिशत प्रभावशाली बनाने के लिए लोगों को आगे आना चाहिए। विशेष कर युवाओं को जागरूकता अभियान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
सरकार का यह निर्णय आने वाले दिनों में प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि, शीघ्र ही संजीवनी का एक शिष्टमंडल बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी से मिलकर प्लास्टिक बैन के लिए स्वयंसेवी संगठनों की मदद से पूरे बिहार में शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने के लिए पहल करने की मांग करेगा।
