गुलज़ार अहमद, मैनपुरी ( यूपी ), NIT;
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले जहां प्रत्याशियों की धड़कनें तेज होने लगी हैं वहीं जिला प्रशासन ने भी मतगणना को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। मैनपुरी जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र पाल सिंह ने बताया कि मतगतणा का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 मार्च को कृषि उत्पादन मण्डी समिति में किया जायेगा। इसके लिए आयोग के निर्देशानुसार सभी प्रत्याशी अपने अपने एजेंट्स की नियुक्त करेंगे।
- जिला प्रशासन का मतगणना कार्यक्रम
मतगणना 11 मार्च को सुबह 8.00 बजे से कृषि उत्पादन मण्डी समिति में होगी। मतगणना के लिए प्रत्येक विधानसभा में 19 टेबिल लगायी जाएगी। जिसमें से 14 टेबिल पर गणना का कार्य होगा, प्रत्येक टेबिल पर तीन गणना कार्मिक एवं एक माइक्रो आब्जर्वर तैनात रहेंगे। बुधवार को गणना कार्य में लगाए गए कार्मिकों का जिला सूचना विज्ञान केन्द्र में जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रथम रेण्डमाइजेशन कर मतगणना पार्टी कोड आवंटित किया गया। गणना कार्य में लगे कर्मचारियों को पार्टी कोड के आधार पर पांच और दस मार्च को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
- अधिकारियों ने स्ट्रांग रूम का लिया जायजा
जिलाधिकारी चंद्र पाल सिंह ने पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सक्सेना के साथ मंडी पहुंचकर स्ट्रांग रूम में रखी ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था परखी। दोनों अधिकारियों ने अपनी मौजूदगी में प्रत्येक स्ट्राइंग रूम के ताले, सील चैक करायी और ड्यूटी पर तैनात सीआईएसएफ के जवानों से कहा कि वो पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों को अंजाम दें। किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति को प्रवेश न करने दें। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति ड्यूटी पर हो उसका पहचान पत्र अवश्य देखें।
