वी.के.त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी में अब चोर धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने लगे हैं। धार्मिक स्थलों पर एक के बाद एक चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं, वहीं धार्मिक स्थलों पर बढ़ती चोरी की घटनाओं से दर्शनार्थियों में भारी आक्रोश फैलता जा रहा है तथा जनपद की पुलिस अपराधियों को पकड़ने में लाचार बनी हुई है जिस कारण जनता अब पुलिस की गश्त प्रणाली पर सवालिया निशान लगाने लगी है। अभी कुछ समय पहले जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के गुरूद्वारों में चोरी की लगातार घटनाएं हुई थी, उक्त घटनाओं से पुलिस ने कोई सबक नहीं लिया जिसके चलते एक एक करके कई गुरूद्वारे और मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया, जिनमें अज्ञात चोरों ने जमकर लूट पाट की लेकिन खीरी पुलिस ने किसी भी घटना से कोई सबक नहीं सीखा जिसका जीता जागता उदाहरण ओयल में स्थित हनुमान मन्दिर में हुई चोरी से सामने आया है।जबकि कुछ दिन पहले राजापुर चौकी क्षेत्र के लाहौरी नगर स्थित वीरबाबा मंदिर पर चोरों ने चोरी की थी। गुरूवार को तिकुनिया के मुख्य देवी मंदिर में रात को हजारों की चोरी हो गयी। चोर मंदिर के तीन तालों को तोड़कर दान पात्र उठा ले गये। पिंड दान से भी चोरों ने हजारों रुपये चोरी कर ले गये। चोरी की घटना से कस्बा वासियों में आक्रोश फैल गया और जल्द खुलासे की मांग को लेकर स्थानीय कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया।
जिले में मंदिरों, गुरद्वारों के दान पात्रों की चोरी की लंबी समय से चल रही श्रृंखला में बीती रात तिकुंनिया के दुर्गा मंदिर से चोर कपाट के ताले तोड़ कई माह से एकत्र चढ़ावे के दानपात्र ही चुरा ले गए। तिकुंनिया बस स्टॉप के पास स्थित दुर्गा मंदिर के पुजारी मन्नू जब शुक्रवार की सुबह मंदिर पहुंचे तो वहां ताले टूटे देख चौंक गए। मंदिर से काफी दिन से आ रहे चढ़ावा जो कि प्रतिदिन लगभग एक हजार का होता है वह चोरी हो गया साथ ही 3 माह के चढ़ावे का रखा दानपात्र भी उठा ले गए। जानकारी मिलने पर मंदिर कमेटी के पदाधिकारी और भारी संख्या में नागरिक एकत्र हो गए जिनमें रोष व्याप्त था। बाद में पुलिस को तहरीर दी गयी और साथ में लोगों ने एकत्र होकर एक ज्ञापन देकर घटना पर रोष जताते हुए शीघ्र खुलासे की मांग की है।
