वी.के.त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन के निविदा/संविदा कर्मचारियों ने अपने विभागीय अधिकारियों के साथ साथ प्रदेश के महामंत्री देवेन्द्र कुमार पाण्डेय के तत्वाधान में प्रार्थना पत्र और शपथ पत्र देकर बताया है कि वह सभी 33/11 उपकेन्द्र मितौली पर संविदा कर्मचारी हैं। उप केन्द्र मितौली पर जहाँ यश इण्टरप्राईजेज कम्पनी बिजली सम्बन्धी अपना कार्य करती है। आरोप है कि यश इण्टरप्राईजेज कम्पनी के ठेकेदार कमल श्रीवास्तव प्रत्येक संविदा कर्मचारी से वेतन देने के एवज में एक हजार रूपये की अवैध वसूली करते हैं। वेतन देने के लिए हमेशा से ठेकेदार कमल श्रीवास्तव द्वारा बिना रिश्वत के वेतन नहीं दिया जा रहा है। जब कर्मचारी इसका विरोध करते हैं तो वह नौकरी से निकालने की धमकी देते हैं। संविदा कर्मचारियों का आरोप है कि वर्ष 2018 में सबके द्वारा आठ माह तक कार्य किया गया और जब कर्मियों ने वेतन की मांग की तो ठेकेदार ने तीन माह का वेतन दिया जब दीपावली के पर्व पर सभी कर्मचारियों ने अपना पूरा वेतन मांगा तो ठेकेदार कमल श्रीवास्तव ने प्रत्येक कर्मचारी से हर माह के वेतन से एक हजार रूपये रिश्वत की मांग करने लगे तथा यह भी कहा कि जब तक एक हजार रूपये नहीं मिलेंगे तब तक वेतन नहीं मिल सकता है। जब सभी कर्मचारियों ने रिश्वत देने से मना किया तो ठेकेदार ने नौकरी से निकालने की धमकी देने लगे। सभी कर्मचारियों का आरोप है कि यश इण्टरप्राईजेज के ठेकेदार कमल श्रीवास्तव के द्वारा अभी तक न तो ईपीएफ और बीमा कार्ड दिया गया है जब कर्मचारियों ने शिकायत की तो ठेकेदार के द्वारा जान माल की धमकी दी जा रही है। कर्मचारियों ने शपथ पत्र में यह भी बताया है कि एक मोबाईल नम्बर 9918320018 से जान से मारने की धमकी दी जा रही है जिससे उनकी जान माल को खतरा बना हुआ है। हालांकि इस मामले पर कर्मचारियों ने 17-11-18 को थाना मितौली में यश इण्टरप्राईजेज के ठेकेदार के उपर अवैध वसूली करने का अभियोग दर्ज कराया है जिसकी जांच मितौली पुलिस के द्वारा की जा रही है। प्रार्थना पत्र और शपथ पत्र देने वाले कर्मचारियों में महामंत्री देवेन्द्र कुमार पाण्डेय, लाईन मैन अनुज कुमार पुत्र खेमानन्द, रमेश चन्द पुत्र शिवरतन लाल, रामचन्द्र पुत्र मनोहर लाल, इकरार पुत्र जलालू, एसएसओ अवधेश कुमार शर्मा पुत्र रघुनन्दन प्रसाद, मनोज कुमार पुत्र इसरार,पंकज कुमार अवस्थी पुत्र मंगूलाल अवस्थी, एसएसओ सहायक पुष्पेन्द्र कुमार पुत्र रामेश्वर दयाल शामिल हैं।
