आसिम खान, ब्यूरो चीफ छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को छिंदवाड़ा के एसएएफ मैदान में सभा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे हम पर मनमाने आरोप लगाते हैं और बाद में कह देते हैं कि कनफ्यूज हो गया था। असल में राहुल गांधी कनफ्यूज हैं और उनकी पार्टी फ्यूज हो चुकी है। वे मेरे साढ़े चार साल का हिसाब मांग रहे हैं, लेकिन चार पीढ़ी यानी 55 साल एक ही पार्टी ने राज किया है।
सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि नामदार के पिता कहते थे कि दिल्ली से एक रुपया निकलता है, तो वो 15 पैसे बचता है। पंचायत से संसद तक इनकी सरकार थी तो कौन-सा पंजा इस पैसे को खाता था? हम सरकार में आए तो टेक्नॉलाजी से भ्रष्टाचार को रोका। इसीलिए कांग्रेस नेताओं को गुस्सा आता है। इस दौरान पीएम ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और जिले के सांसद कमलनाथ पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता किस तरह टिकट बांटते हैं, इसको सोशल मीडिया में वायरल वीडियो से समझा जा सकता है। वे मीटिंग में कह रहे हैं कि चोर, भ्रष्टाचारी, बेईमान, अपराधी, बदमाश कोई भी चलेगा। जनता ऐसे लोगों को कैसे चुन सकती है?
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की हालत ये है कि मुख्यमंत्री पद के आठ-आठ दावेदार हैं। जिस क्षेत्र में सभा होती हैं, वहीं के नेता को सीएम का दावेदार बता दिया जाता है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा कि वे एक ही परिवार की सेवा करते रहे। अगर जनता की सेवा करते तो आज इस तरह वोट मांगने की जरूरत नहीं पड़ती। यहां के उद्योगपति नेता वोट छिंदवाड़ा से लेते हैं और अपनी दुकान देहरादून व नागपुर में खोलते हैं। वे ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि यहां की जनता जाग गई तो उन्हें वोट नहीं मिलेगा। जनता अब दूध और पानी अलग-अलग करना जानती है। अब सोशल मीडिया का दौर है, सब पता चला जाता है। हमारी सरकार ने आधार कार्ड को लिंक किया, जिससे पता चला कि 6 करोड़ हितग्राही हैं ही नहीं। हमने इस प्रकार 90 हजार करोड़ के फंड के दुरुपयोग को रोका,
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक ओर कांग्रेस घोषणा-पत्र में गौशाला खोलने की बात करती है। ये तो ठीक है, लेकिन इनके ही केरल के कांग्रेस नेता बछड़े को काटकर खाने को अपना अधिकार बताते हैं। एमपी और केरल की कांग्रेस का मुखिया तो एक ही है, जो दिल्ली में बैठता है।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री जनता में जाने से डर रहे हैं। वे कहते हैं कि मेरे जाने से वोट कट जाएंगे। कांग्रेस पर लोगों को भरोसा ही नहीं होता।
