अब्दुल वाहिद काकर, धुले (महाराष्ट्र), NIT:

कांग्रेस अल्पसंख्यक उत्तर महाराष्ट्र अध्यक्ष इरशाद जहांगीरदार ने पार्टी के प्रेदश के आला पदाधिकारियों से नाराज होकर कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर एनसीपी नेता पूर्व उप मुख्यमंत्री अजित पवार की उपस्थिति में एनसीपी पार्टी में प्रवेश करेंगे। इस मौके पर अल्पसंख्यक के उच्च शिक्षित नेता इरशाद
जहांगीरदार ने एक भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन का भी आयोजन किया है जिसमें उनके मार्गदर्शन में हजारों की संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के युवा कार्यकर्ता राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में विधिवत तरीके से प्रवेश करेंगे। इस घोषणा से नगर निगम चुनाव को लेकर अल्पसंख्यक समुदाय की राजनीति एक बार फिर से गरमा गई है।
अल्पसंख्यक नेता इरशाद ने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा ग्रहण की है। उन्होंने अर्थ व्यवस्था, भौगोलिक परिस्थितियां और पॉलीटिकल साइंस का गहन अध्ययन किया है। वे पिछले काफी समय से कांग्रेस पार्टी की दोगली राजनीति अल्पसंख्यक समुदाय के प्रति लापरवाही बरतने से नाराज चल रहे थे। अल्पसंख्यक समुदाय को पार्टी में उचित स्थान और अहमियत नहीं दिये जाने से इरशाद ने नाराज होकर पार्टी से इस्तीफा दिया है। कांग्रेस छोड़ने का ऐलान करते हुए जहांगीरदार ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अल्पसंख्यक समुदाय को पार्टी में नजरअंदाज किया जा रहा है। पार्टी नीति और अन्य मामलों में समन्वय स्थापित नही होने के कारण अल्पसंख्यक समुदाय के कार्य जस का तस पड़े हुए हैं। प्रदेश अध्यक्ष चौहान के नजदीकी अल्पसंख्यक समुदाय के कार्यकर्ताओं को मिलने नहीं देते जिसके चलते अल्पसंख्यक वर्ग की समस्याओं पर फोकस नहीं किया जाने का आरोप लगाया है।
17 नवंबर को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक तथा नेता अजीत पवार की प्रमुख उपस्थिति में पांच ज़िले के प्रमुख अल्पसंख्यक समुदाय के कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में प्रवेश करने की बात कांग्रेस पार्टी के पूर्व उत्तर महाराष्ट्र के अध्यक्ष इरशाद जहांगीरदार ने बताई है।
