आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग को सौंपी 25 स्टार प्रचारकों की सूची, दिल्ली के नेताओं के दौरे शुरू, दीवाली के बाद शीर्ष नेतृत्व करेगा सघन चुनावी प्रचार: आलोक अग्रवाल | New India Times

अबरार अहमद खान, भोपाल (मप्र), NIT:

आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग को सौंपी 25 स्टार प्रचारकों की सूची, दिल्ली के नेताओं के दौरे शुरू, दीवाली के बाद शीर्ष नेतृत्व करेगा सघन चुनावी प्रचार: आलोक अग्रवाल | New India Times

आम आदमी पार्टी ने प्रत्याशी घोषित करने में अन्य दलों से बाजी मारने के बाद प्रचार के क्रम में आगे रहने की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी के स्टार प्रचारकों ने मध्य प्रदेश में दौरा शुरू कर दिया है। हाल ही में पार्टी के राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता तीन दिवसीय दौरे पर मध्य प्रदेश पहुंचे और इस दौरान उन्होंने 5 विधानसभा क्षेत्रों में सभाएं की और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। श्री गुप्ता ने भोपाल जोन की सीटों पर जनसभाएं और नुक्कड़ सभाएं संबोधित की हैं। इसके बाद 28 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी और दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ग्वालियर जोन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे ग्वालियर पूर्व, ग्वालियर 15, गोहद, शिवपुरी और सबलगढ़ में जनसभाओं और नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करेंगे।

आम आदमी पार्टी ने जिन 25 स्टार प्रचारकों की सूची चुनाव आयोग को सौंपी है, उनमें पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के अलावा दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसौदिया, श्रम मंत्री गोपाल राय, सांसद संजय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल, सांसद सुशील गुप्ता, सांसद भगवंत मान, स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन, शहनाज हिंदुस्तानी और अमानतुल्लाह शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली के विधायकों में से अलका लांबा, राखी बिड़लान, राजेंद्र गौतम, सौरभ भारद्वाज, सोमनाथ भारती, वंदना कुमारी और प्रकाश जरवाल स्टार प्रचारकों में शामिल हैं। इसी तरह प्रदेश नेतृत्व से प्रदेश उपाध्यक्ष अमित भटनागर, प्रदेश संगठन मंत्री पंकज सिंह, प्रदेश संगठन सचिव युवराज सिंह, प्रदेश संगठन सचिव हिमांशु कुलश्रेष्ठ, पीएसी की सदस्य चित्तरूपा पालित, सागर से प्रत्याशी इंद्रविक्रम सिंह, विधानसभा प्रत्याशी रामकुंवर रावत और वरिष्ठ नेता अनिल त्रिवेदी स्टार प्रचारकों में हैं।

प्रचार अभियान के बारे में बताते हुए प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता से सीधा संवाद और डोर टू डोर संपर्क के आधार पर प्रचार करती है। यही प्रक्रिया मध्य प्रदेश में अपनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली के नेता और शीर्ष नेतृत्व का मध्य प्रदेश दौरा शुरू हो गया है। सांसद सुशील गुप्ता जी तीन दिन से मध्य प्रदेश में हैं। 28 अक्टूबर को प्रदेश प्रभारी गोपाल राय जी मध्य प्रदेश में सभाएं लेंगे। उन्होंने बताया कि अरविंद केजरीवाल जी समेत अन्य शीर्ष नेता भी मध्य प्रदेश आएंगे और दीवाली के बाद सघन प्रचार का दौर शुरू होगा, जो 26 नवंबर तक जारी रहेगा।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version