देश ही नहीं दुनिया की अपनी तरह की पहली सेवा है डोर स्टेप डिलेवरी: आलोक अग्रवाल, आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने घर पहुंच सेवा को बताया ऐतिहासिक, कहा- दुनिया चलेगी इस राह पर | New India Times

अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT; 

देश ही नहीं दुनिया की अपनी तरह की पहली सेवा है डोर स्टेप डिलेवरी: आलोक अग्रवाल, आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने घर पहुंच सेवा को बताया ऐतिहासिक, कहा- दुनिया चलेगी इस राह पर | New India Times​आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक अग्रवाल ने दिल्ली की आप सरकार की ओर से शुरू की गई 40 सेवाओं की डोर स्टेप डिलीवरी यानी सेवा सीधे जनता के द्वार योजना पर टिप्पणी करते हुए कहा कि दुनिया में यह अपनी तरह की अनूठी सेवा है, जिसके जरिये भ्रष्टाचार कम करने में तो मदद मिलेगी ही, साथ ही जनता को सुविधा भी होगी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, शादी रिजस्ट्रेशन, ड्राइविंग लाइसेंस समेत इन 40 सेवाओं के लिए एक आदमी को 7 से 8 हजार रुपए की रिश्वत देनी होती है। सेवा में देरी और आवागमन से होने वाले खर्च को इसमें जोड़ें तो इन सेवाओं के लिए एक आम आदमी को 10 हजार रुपए तक अतिरिक्त चुकाने होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा देश ही नहीं बल्कि दुनिया में पहली बार हो रहा है जिसमें जनता को इन 40 सेवाओं के लिए सरकारी विभाग या दफ्तर में नहीं जाना पड़ेगा, ना ही लंबी लंबी लाइनों में लगना पड़ेगा और ना ही दलालों के चंगुल में फंसना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ये सेवाएं सरकार खुद आवेदक के घर आकर देगी। 

आम आदमी पार्टी द्वारा जारी प्रेस रिलीज के अनुसार श्री अग्रवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की मध्य प्रदेश में सरकार बनने पर दिल्ली की ही तर्ज पर जरूरी सेवाओं को होम डिलेवरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि एक अच्छी सरकार का अर्थ जनता से सीधा जुड़ाव और कम से कम समय में सभी जरूरी सेवाएं जनता को पहुंचाना ही है। दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने पूरे देश और दुनिया के समक्ष एक उदाहरण प्रस्तुत किया है और जल्द ही पूरी दुनिया में सेवाओं की घर पहुंच योजना शुरू होगी, यह एक ऐतिहासिक दिन है। 
उन्होंने बताया कि इन सभी 40 सेवाओं के लिए एक खास नंबर जारी होगा और आवेदक या सेवा लेने के इच्छुक व्यक्ति को उस नंबर पर फोन करके ‘मोबाइल सहायक’ से अपॉइंटमेंट तय करना होगा यानी सरकार के प्रतिनिधि को वो किस समय अपने घर बुलाना चाहते हैं, ये तय करना होगा। सुबह 8 से रात 8 बजे के बीच किसी भी समय आवेदक मोबाइल सहायक के लिए अपॉइंटमेंट तय कर सकता है। दुनिया में सरकारी कर्मचारियों का समय तय करके उन्हें घर बुलाकर अपना काम करवाने का भी यह अनूठा उदाहरण है। 
गौरतलब है कि दिल्ली सरकार की इस योजना के जरिए सात अलग-अलग विभागों की 40 सेवाओं को सीधा आवेदक के घर तक पहुंचाया जाएगा। इसमें जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, शादी का रजिस्ट्रेशन, ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन, नया पानी या सीवर कनेक्शन या कटवाने जैसी कुल 40 सेवाएं शुरुआत में दी जा रही हैं। बाद में ये सेवाएं बढ़ाकर 70 तक की जाएंगी। 

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article

Exit mobile version