फराज अंसारी, बहराइच (यूपी), NIT;
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाने के भले कितने भी दावे क्यों न करे लेकिन असल हकीकत इसके उलट ही है। हौसला बुलंद अपराधी लगातार एक के बाद एक ताबड़तोड़ घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं जिस पर अंकुश लगा पाने में उत्तर प्रदेश पुलिस नाकाम साबित हो रही है। अपराधियों की धर पकड़ के लिये भले ही बहराइच जिले की सभाराज पुलिस रात्रि गश्त के दावे कर रही है लेकिन उसके दावे महज़ हवाई किले ही साबित होते दिख रहे हैं। पुलिसिया गश्त के दावों की आज उस वक्त पोल खुल गयी जब आज सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी जिसे देखने सुनने वालों के दिल दहल गये। आसाम रोड से रिसिया जाने वाले मार्ग पर खून में लथपथ युवक का शव पड़ा दिखा। मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों ने मामले की सूचना रिसिया पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तफ्तीश की तो पता चला की युवक की हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गयी है। युवक की पहचान जेब में मिले आधार कार्ड व होटल की बिल से हरदोई निवासी के रूप में हुई है। युवक जनपद में स्थित एक्सिस बैंक में असिस्टेंट मैनेजर की पद पर था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ज्ञात हो कि आज सुबह रिसिया थाना क्षेत्र के आसाम रोड से रिसिया जाने वाले बाईपास सड़क जटेश्वर तिराहे के सड़क के किनारे खून से लथपथ युवक की लाश राहगीरों ने देखी। गला रेतकर युवक की हत्या की गई थी। करीब सौ मीटर में फैले खून के छींटे कातिलों और मृतक के बीच में हुए संघर्ष को बयां कर रहे थे। मामले की सूचना लोगों द्वारा स्थानीय पुलिस को पहुंची। घटनास्थल पर थानाध्यक्ष रिसिया राम प्रसाद यादव दल बल के साथ पहुंचे। थानाध्यक्ष द्वारा तलाशी लिए जाने के पश्चात मृतक युवक के आधार कार्ड से उसकी पहचान विवेक भारती पुत्र अशोक कुमार उम्र 25 वर्ष शिव विहार कॉलोनी जिला हरदोई के रूप में हुई। पुलिस ने परिवारीजनों से संपर्क साधा तो बताया गया कि मृतक युवक एक्सिस बैंक का असिस्टेंट मैनेजर था। तलाशी के दौरान मृतक युवक के पास कमरे की चाभी, बंधन गेस्ट हाउस में कॉफी पीने का बिल वाउचर सहित कुछ मोबाइल नंबर मिले। स्थानीय पुलिस द्वारा परिवारीजनों को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही सी ओ रिसिया टी एन दुबे घटनास्थल पर पहुंचे।घटनास्थल एरिया को बैरिकेटिंग कर जांच में पुलिस जुट गई है। फिलहाल इस तरीके की घटनाओं से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।पुलिस ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेज दिया गया है। परिवारीजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी। सवाल यह उठता है अपराध और आपराधियों पर अंकुश लगाने का दावा करने वाली सराहनीय कार्य वाली पुलिस इस तरह की घटनाओं पर पूर्ण रूप से अंकुश लगा पाने नाकाम क्यों साबित हो रही है।
