अविनाश द्विवेदी/शेरा मिश्रा, कटनी (मप्र), NIT;
विधानसभा चुनाव 2018 के दृष्टिगत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी केवीएस चौधरी ने शुक्रवार को जिला कृषि उपज मण्डी कटनी का भ्रमण कर विधानसभा चुनाव के लिये बनाये जाने वाले सामग्री वितरण स्थल, मतगणना एवं स्ट्रांगरुम बनाने की संभावनाओं के तहत स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी आर. उमा माहेश्वरी, एसडीएम धमेन्द्र मिश्रा सहित एसडीओ लोक निर्माण, सचिव कृषि उपज मण्डी और निर्वाचन का अमला उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने सर्वप्रथम मण्डी प्रांगण के भवनों में जिले की चार विधानसभाओं के लिये स्ट्रांगरुम बनाये जाने के स्थल का निरीक्षण किया। उन्होने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मण्डी की ड्राईंग लेकर मतगणना और स्ट्रांगरुम का ड्राइंग तैयार करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि भवनों में उपलब्ध जगह की नाप कर बीयू-सीयू और वीवीपैट मशीन रखने के हिसाब से स्थान तय करें। मण्डी में स्थापित भवनों में विधानसभावार दो-दो कमरों में स्ट्रांगरुम बनाये जायेंगे। इसी प्रकार मतगणना का काम पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ उपज मण्डी के शेड में किया जायेगा। कलेक्टर ने कृषि उपज मण्डी क्षेत्र के चुनाव कार्य के हेतु लिये जाने वाले भवनों का अधिगृहण कर आवश्यक व्यवस्थायें और तैयारियां शुरु करने के निर्देश दिये। उन्होंने मण्डी परिसर का भ्रमण कर मतदान सामग्री के वितरण और वापसी के काउंटर तथा अन्य सहायक सामग्री के वितरण और रख-रखाव सहित सुरक्षा के मापदण्डों के तहत बाउंड्री एवं आवागमन के रास्तों के संबंध में निरीक्षण कर अधिकारियों से चर्चा की। परिसर की साफ-सफाई के लिये भी उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों एवं मण्डी सचिव को निर्देश दिये।
