हाशिम अंसारी, सीतापुर (यूपी), NIT;
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान तुरन्त कराये जाने एवं अन्य किसानों की समस्याओं को लेकर चीनी मिल गेट हरगांव पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विधान परिषद सदस्य आनन्द भदौरिया के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों के साथ हरगांव चीनी मिल गेट पर धरना प्रदर्शन किया। धरना स्थल पर पहुंचे उप जिलाधिकारी सदर प्रभाकांत अवस्थी को मांगों से संबधित ज्ञापन सौंप कर सपाइयों ने धरना समाप्त किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हरगांव थाना के अन्तर्गत समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किसानों के गन्ना पेराई सत्र 2017- 18 के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान को लेकर चीनी मिल हरगांव के गेट पर विधान परिषद सदस्य सपा आनंद भदौरिया के नेतृत्व में धरना दिया। धरना स्थल पर वक्ताओं ने किसानों का चीनी मिल हरगांव पर बकाया करोड़ों रुपये के गन्ना मूल्य का भुगतान चीनी मिल हरगांव से अविलम्ब कराने की मांग की।
वक्ताओं ने केन्द्र व प्रदेश की सरकार पर हमला बोलते हुये कहा कि यह सरकार किसान विरोधी है, किसानों का हित केवल समाजवादी पार्टी की सरकार में ही निहित है।
धरने को पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रहीं आर पी चौधरी, सपा विधानसभा अध्यक्ष फुरकान खाँ, पूर्व विधायक अनिल वर्मा व जहीर अब्बास युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व गन्ना विकास परिषद हरगांव के चेयरमैन प्रतिनिधि लाल सिंह यादव ने सम्बोधित करते हुये कहा कि किसानों का उत्पीडन किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
आनंद भदौरिया ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान शीघ्र नहीं किया गया तो हम समाजवादी लोग हलक में हाथ डालकर निकालना भी जानते हैं।
धरना स्थल पर जिला पंचायत सदस्य आशीष रस्तोगी, समाजवादी छात्र सभा के अध्यक्ष शोभित मिश्र, युवजन सभा के जिला अध्यक्ष राबिन सिंह यादव सहित सैकड़ों की संख्या में सपाई मौजूद थे।
