अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कोलार छेत्र स्थति सनखेड़ी में भूमिपूजन का श्रेय लेने को लेकर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा और पार्षद प्रतिनिध श्याम सिंह मीना के बीच जम कर हंगामा हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को विधायक रामेश्वर शर्मा और सांसद आलोक संजर भूमि पूजन करने सनखेड़ी पहुंचे थे। रास्ते में खड़े पार्षद मनफूल मीणा और उनके पति श्याम सिंह मीणा भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। यह देख सांसद और विधायक समझे की यह सब उनके स्वागत के लिए हो रहा है लेकिन जैसे ही वह नजदीक पहुंचे तो पार्षद और उनके पति ने उन्हें भूमि पूजन करने से रोक दिया, उनका कहना था कि इसका भूमिपूजन पहले ही हो चुका है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तू-तू-मैं-मै होने लगी। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। भाजपा ज़िंदाबाद और विधायक मुर्दाबाद के नारे लगने लगे। इसके बाद रामेश्वर शर्मा अपनी गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए और आलोक संजर वहीं मौजूद रहे। पार्षद ने आरोप लगाया है कि विधायक रामेश्वर शर्मा उनकी पार्षद निधि के काम का भूमि पूजन कर इसका श्रेय लेना चाह रहे थे।
