संदीप शुक्ला, भोपाल, NIT;
मुरैना जेल से दो कैदियों के फरार होने के बाद जेल प्रशासन ने नया आदेश जारी करते हुए जेल से भागने या जेल तोड़ने की कोशिश करने वाले कैदियों को गोली मारने के आदेश दिए हैं। यह आदेश प्रदेश की सभी जेलों पर लागू होगा।
मुरैना जेल से सोमवार को दो खुंखार आरोपी मथुरा निवासी ओमप्रकाश जाट और मुरैना निवासी अनिल राठौर जेल की दीवार तोड़कर दिन दहाड़े फरार हो गए थे। पुलिस अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लगा पाई है। हालाँकि इस घटना के बाद चार जेल प्रहरियों को निलंबित कर दिया गया है लेकिन इस घटना के बाद जेल प्रशासन हरकत में आ गया है। मंगलवार को राजधानी स्थित जेल मुख्यालय से एक आदेश जारी कर दिया है। जिसे सभी जेल अधीक्षकों को भेजा गया है। नये आदेश में स्पष्ट तौर पर उल्लेख किया गया है कि यदि कोई भी कैदी जेल के अंदर दीवार में सेंध लगाते, खिड़की, दरवाजा और जाली तोड़ते हुए दिखे तो उसे तत्काल मौके पर ही गोली मार दी जाए। आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि कोई कैदी किसी भी जेल कर्मी पर हमला करता है या भागने की कोशिश करता है तब भी उसे गोली मार दी जाए।
